40 पाव देशी शराब जब्त, नवंबर के 27 दिनों में 134 मामले दर्ज, 21 आरोपी भेजे गए जेल
कोरबा (AkhandBharatHNKP.Com)। जिले में अवैध शराब के कारोबार के खिलाफ आबकारी विभाग की कार्रवाई लगातार जारी है। इसी कड़ी में कुसमुंडा थाना क्षेत्र स्थित बबली होटल ढाबा में दबिश देकर विभाग ने संचालक पदुमदास को गिरफ्तार किया है। उसके कब्जे से देशी प्लेन शराब के 40 पाव, कुल 7.2 लीटर मदिरा जब्त की गई। आरोपी के खिलाफ आबकारी अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।
आबकारी विभाग के अनुसार, ढाबे में अवैध शराब कारोबार की शिकायत कलेक्टर जनदर्शन में मिली थी। इसके बाद कलेक्टर एवं जिला दंडाधिकारी के निर्देश पर विभागीय टीम ने कार्रवाई की। सहायक आयुक्त आबकारी रविशंकर यादव के मार्गदर्शन, सहायक जिला आबकारी अधिकारी मनोज कुमार राठौर के निर्देश तथा वृत्त प्रभारी जया मेहर के नेतृत्व में टीम ने बबली होटल ढाबा में दबिश दी। जांच के दौरान संचालक पदुमदास के कब्जे से 40 पाव देशी प्लेन शराब बरामद हुई। उसके विरुद्ध छत्तीसगढ़ आबकारी अधिनियम की धारा 34(1)(क), 34(1)(ख), 34(2) एवं 59(क) के तहत प्रकरण दर्ज किया गया। गिरफ्तारी के बाद उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
नवंबर में 134 प्रकरण दर्ज, 21 आरोपी जेल भेजे गए
आबकारी विभाग के मुताबिक, नवंबर माह के पहले 27 दिनों में जिलेभर में अवैध शराब के खिलाफ अभियान चलाया गया। इस दौरान अलग-अलग स्थानों से 37.70 लीटर देशी मदिरा, 4.72 लीटर विदेशी मदिरा, 310.90 लीटर महुआ शराब और 755 किलोग्राम महुआ लाहन जब्त किया गया। जब्त सामग्री की अनुमानित कीमत 1 लाख 19 हजार 748 रुपए बताई गई है। इस अवधि में अवैध शराब से जुड़े कुल 134 प्रकरण दर्ज किए गए। वहीं, गैरजमानती अपराधों में 21 आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेजा गया।
गांवों में भी निगरानी और छापेमारी
विभाग का कहना है कि अवैध शराब की बिक्री और सार्वजनिक स्थानों पर शराब पिलाने की शिकायतों पर लगातार कार्रवाई की जा रही है। सभी आबकारी उपनिरीक्षकों को अपने-अपने क्षेत्रों में नियमित गश्त और छापेमारी के निर्देश दिए गए हैं। ग्रामीण इलाकों में कई गांवों में महुआ शराब की बिक्री की शिकायतें मिल रही हैं। वहीं, कुछ गांवों में ग्रामीणों और महिला समितियों ने स्वयं अवैध शराब की बिक्री पर रोक लगाने की पहल की है। महिला समितियों के माध्यम से निगरानी भी की जा रही है। आबकारी विभाग ने आम नागरिकों से अपील की है कि जिले में कहीं भी अवैध शराब का कारोबार संचालित होने की जानकारी मिलने पर विभाग को सूचित करें, ताकि समय रहते कार्रवाई की जा सके।
शराब दुकानों में कैश बंद, अब ऑनलाइन करना होगा भुगतान, ओवररेट रोकने आबकारी विभाग का फैसला

