पुष्पक एक्सप्रेस के टॉयलेट में फंदे पर लटका मिला कोरबा के युवक का शव, बीना स्टेशन पर मचा हड़कंप

      Date:

      • भोपाल से जनरल कोच में हुआ था सवार, आधार कार्ड से हुई पहचान; आत्महत्या या हादसा, सभी पहलुओं की जांच में जुटी जीआरपी

      कोरबा (AkhandBharatHNKP.Com)। कोरबा जिले के एक युवक का शव पुष्पक एक्सप्रेस के जनरल कोच के टॉयलेट की खिड़की से फंदे पर लटका मिला। घटना का पता चलते ही रेलवे प्रशासन में हड़कंप मच गया। गार्ड की सूचना पर ट्रेन को बीना रेलवे जंक्शन पर रोककर शव को नीचे उतारा गया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजते हुए मामले की जांच शुरू कर दी है।मृतक की पहचान आधार कार्ड के जरिए गोरावर सिंह (30), पिता कुंजीलाल, निवासी कलीन चौक पदनिया, जिला कोरबा के रूप में हुई है। परिजनों को घटना की सूचना दे दी गई है।

          जानकारी के अनुसार ट्रेन नंबर 12534 पुष्पक एक्सप्रेस गुरुवार रात करीब 10 बजे भोपाल रेलवे स्टेशन से रवाना हुई थी। रात करीब 12 बजे जनरल कोच के टॉयलेट की खिड़की से युवक का शव फंदे पर लटका देख गार्ड ने तत्काल रेलवे कंट्रोल को सूचना दी। इसके बाद ट्रेन को बीना रेलवे जंक्शन के प्लेटफॉर्म नंबर-4 पर रोका गया। मौके पर मौजूद जीआरपी ने शव को नीचे उतारकर बीना के सिविल अस्पताल भेजा, जहां पोस्टमार्टम कराया जाएगा।

          भोपाल से जनरल कोच में हुआ था सवार

          जीआरपी की शुरुआती जांच में ट्रेन में सफर कर रहे यात्रियों ने बताया कि गोरावर सिंह भोपाल रेलवे स्टेशन से जनरल कोच में सवार हुआ था। वह काफी देर तक कोच के गेट के पास बैठा हुआ दिखाई दिया था। इसके बाद वह कब शौचालय की ओर गया और उसके साथ क्या हुआ, इसकी किसी को जानकारी नहीं है।

          जांच में जुटी पुलिस

          जीआरपी ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस आत्महत्या, हादसे या अन्य किसी संभावित कारण समेत सभी पहलुओं की जांच कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा। यात्रियों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं और परिजनों से भी पूछताछ की जाएगी।

              Share post:

              Popular

              More like this
              Related