छत्तीसगढ़ में स्कूलों की परीक्षा व्यवस्था बदली, पहली बार पूरे प्रदेश में एक साथ होंगे तिमाही और अर्धवार्षिक एग्जाम

      Date:

      रायपुर (AkhandBharatHNKP.Com)। छत्तीसगढ़ में इस शैक्षणिक सत्र से सरकारी स्कूलों की परीक्षा व्यवस्था में बड़ा बदलाव किया गया है। अब कक्षा 1 से 12वीं तक की तिमाही और अर्धवार्षिक परीक्षाएं पूरे प्रदेश में एक ही तारीख पर आयोजित की जाएंगी। लोक शिक्षण संचालनालय (डीपीआई) ने इसके लिए परीक्षा कार्यक्रम और आवश्यक दिशा-निर्देश जारी कर दिए हैं।

          अब तक अलग-अलग जिलों में स्थानीय स्तर पर अलग-अलग तिथियों में परीक्षाएं आयोजित की जाती थीं, लेकिन इस बार पूरे प्रदेश के सभी सरकारी स्कूलों में एक समान तिथि पर परीक्षा होगी। तिमाही परीक्षाएं सितंबर और अर्धवार्षिक परीक्षाएं दिसंबर में आयोजित की जाएंगी। डीपीआई के निर्देशानुसार प्रत्येक जिले में जिला शिक्षा अधिकारी की अध्यक्षता में जिला स्तरीय परीक्षा समिति का गठन किया जाएगा। समिति में सहायक संचालक (प्रशासन), वरिष्ठ प्राचार्य, विकासखंड शिक्षा अधिकारी, संकुल समन्वयक और प्रधान पाठक शामिल रहेंगे। समिति विषय विशेषज्ञ शिक्षकों की मदद से गोपनीय प्रश्नपत्र तैयार कराएगी। परीक्षा शुरू होने से दो दिन पहले विकासखंड और संकुल स्तर पर प्रश्नपत्र उपलब्ध कराए जाएंगे। इसके अलावा उत्तरपुस्तिकाओं का मूल्यांकन, प्राप्तांकों का संधारण और परीक्षा रिकॉर्ड सुरक्षित रखने की जिम्मेदारी भी समिति की होगी।

          प्रश्नपत्रों की छपाई को लेकर भी चर्चा

          जानकारी के अनुसार, इस बार सभी जिलों के प्रश्नपत्रों की छपाई एक ही फर्म से कराए जाने की चर्चा है। इसी को देखते हुए पूरे प्रदेश में एक साथ परीक्षा आयोजित करने का निर्णय लिया गया है। गौरतलब है कि पिछले शैक्षणिक सत्र में भी इसी फर्म ने कक्षा 5वीं और 8वीं की केंद्रीकृत परीक्षा सहित अन्य परीक्षाओं के प्रश्नपत्र और अंकसूचियां तैयार की थीं। उस दौरान कई विद्यार्थियों की अंकसूचियों में गड़बड़ियां सामने आई थीं, जिनमें से कई मामलों का अब तक समाधान नहीं हो सका है।

              Share post:

              Popular

              More like this
              Related