विकास कार्यों में लेटलतीफी बर्दाश्त नहीं, तय समय पर गुणवत्तापूर्ण काम पूरा करें : मुख्यमंत्री

      Date:

      • खामभाठा में अधूरे पुल से बच्चों और ग्रामीणों की परेशानी पर मुख्यमंत्री ने लिया संज्ञान

      • गरियाबंद कलेक्टर से फोन पर ली जानकारी, पुल निर्माण की समयसीमा तय कर काम पूरा कराने के निर्देश

      • निर्माण पूरा होने तक सुरक्षित वैकल्पिक रास्ते की व्यवस्था के निर्देश, खुले सरिए और गड्ढों को सुरक्षित करने कहा

      रायपुर (AkhandBharatHNKP.Com)। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा है कि आम लोगों की सुविधा से जुड़े सभी विकास और निर्माण कार्य निर्धारित समयसीमा में गुणवत्तापूर्ण तरीके से पूरे किए जाएं। निर्माण कार्यों में अनावश्यक देरी किसी भी स्थिति में स्वीकार नहीं की जाएगी। उन्होंने सभी जिला कलेक्टरों को निर्माणाधीन कार्यों की नियमित निगरानी करने और धीमी गति से चल रहे कार्यों में आ रही बाधाओं को तत्काल दूर कर काम में तेजी लाने के निर्देश दिए हैं।

          https://dprcg.gov.in/post/1789129678/Raipur-Delays-in-development-works-will-not-be-tolerated-ensure-quality-work-within-the-stipulated-timeframe-Chief-Minister-Shri-Vishnu-Deo-Sai

          मुख्यमंत्री ने कहा कि विकास कार्यों में होने वाली देरी का सीधा असर आम नागरिकों पर पड़ता है। सड़क, पुल-पुलिया, स्कूल और अन्य जरूरी बुनियादी सुविधाओं से जुड़े निर्माण कार्यों में समयसीमा और गुणवत्ता का विशेष ध्यान रखा जाना चाहिए। जनहित के कार्यों में अनावश्यक विलंब होने पर जिम्मेदारी तय कर संबंधित अधिकारियों से जवाब लिया जाएगा। गरियाबंद जिले के मैनपुर विकासखंड के खामभाठा क्षेत्र में निर्माणाधीन पुल के कारण स्कूली बच्चों और ग्रामीणों को आवागमन में हो रही परेशानी की जानकारी मिलने पर मुख्यमंत्री ने मामले को गंभीरता से लिया। उन्होंने गरियाबंद कलेक्टर रणबीर शर्मा से दूरभाष पर चर्चा कर पुल निर्माण की स्थिति की जानकारी ली। मुख्यमंत्री ने पुल का निर्माण निश्चित समयसीमा के भीतर गुणवत्तापूर्ण तरीके से पूरा कराने के निर्देश दिए। साथ ही काम में देरी के लिए जिम्मेदार अधिकारियों से जवाब तलब करने को कहा। मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया कि बच्चों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है। पुल का निर्माण पूरा होने तक स्कूली बच्चों और ग्रामीणों को जोखिम उठाकर आवागमन न करना पड़े, इसके लिए जिला प्रशासन तत्काल सुरक्षित और सुगम वैकल्पिक मार्ग की व्यवस्था करे।

          उन्होंने निर्माणाधीन पुल स्थल पर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम करने के निर्देश भी दिए। खुले और खतरनाक तरीके से लगे सरियों को सुरक्षित करने, गहरे गड्ढों को भरने तथा अन्य जोखिम वाले स्थानों को तत्काल दुरुस्त करने के साथ जरूरत के अनुसार बैरिकेडिंग कराने को कहा गया है, ताकि किसी तरह की दुर्घटना न हो। मुख्यमंत्री साय ने सभी जिला कलेक्टरों को निर्देशित किया कि वे अपने-अपने जिलों में चल रहे निर्माण कार्यों की लगातार निगरानी करें। किसी भी कार्य में बाधा आने पर उसका तत्काल समाधान कर निर्माण की गति बढ़ाई जाए। उन्होंने कहा कि अधिकारी पूरी संवेदनशीलता और जवाबदेही के साथ काम करें, ताकि स्वीकृत विकास कार्यों का लाभ आम लोगों को तय समय पर मिल सके। मुख्यमंत्री ने दोहराया कि जनसुविधा और नागरिकों की सुरक्षा से जुड़े विकास कार्यों में किसी भी स्तर की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी।

          हर पात्र परिवार को समय पर पूरा राशन मिले, लापरवाही बर्दाश्त नहीं : मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय

              Share post:

              Popular

              More like this
              Related