पेंशन हितग्राहियों के लिए वार्षिक सत्यापन अनिवार्य, जोन कार्यालय या च्वाइस सेंटर पहुंचकर पूरी कराएं प्रक्रिया

      Date:

      कोरबा (AkhandBharatHNKP.Com)। शासन की विभिन्न पेंशन योजनाओं का लाभ ले रहे हितग्राहियों को समय पर और बिना किसी रुकावट के पेंशन राशि मिलती रहे, इसके लिए वार्षिक सत्यापन अनिवार्य कर दिया गया है। इस प्रक्रिया को सुनिश्चित करने के लिए नगर पालिक निगम कोरबा द्वारा विशेष अभियान चलाया जा रहा है।

          नगर निगम आयुक्त आशुतोष पाण्डेय ने इस संबंध में आदेश जारी करते हुए अधिकारियों और कर्मचारियों को जिम्मेदारी सौंपी है। साथ ही पेंशन हितग्राहियों से अपील की गई है कि वे आवश्यक दस्तावेजों के साथ अपने वार्ड से संबंधित जोन कार्यालय अथवा नजदीकी च्वाइस सेंटर पहुंचकर अनिवार्य रूप से अपना सत्यापन करा लें, ताकि पेंशन राशि मिलने में किसी प्रकार की बाधा उत्पन्न न हो। नगर निगम प्रशासन के अनुसार केंद्र एवं राज्य सरकार की सामाजिक सहायता योजनाओं के तहत संचालित इंदिरा गांधी राष्ट्रीय वृद्धावस्था पेंशन, इंदिरा गांधी राष्ट्रीय विधवा पेंशन, इंदिरा गांधी राष्ट्रीय दिव्यांग पेंशन, सामाजिक सुरक्षा पेंशन, सुखद सहारा पेंशन और मुख्यमंत्री पेंशन योजना के सभी हितग्राहियों का शत-प्रतिशत वार्षिक सत्यापन किया जाना जरूरी है। यह सत्यापन मोबाइल बेनेफिशियरी सत्यापन एप के माध्यम से किया जाएगा, जिससे हितग्राहियों को नियमित और समय पर पेंशन उनके बैंक खाते में मिल सके।

          विशेष अभियान चलाने के निर्देश

          आयुक्त आशुतोष पाण्डेय ने अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि वे नगर निगम क्षेत्र के जनप्रतिनिधियों के साथ समन्वय बनाकर सभी पेंशन हितग्राहियों का शत-प्रतिशत सत्यापन सुनिश्चित करें। इसके लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है, ताकि कोई भी पात्र हितग्राही इस प्रक्रिया से वंचित न रहे।

          सत्यापन के लिए जरूरी दस्तावेज

          नगर निगम ने बताया है कि पेंशन योजनाओं के हितग्राही अपने वार्षिक सत्यापन के लिए आधार कार्ड, बैंक पासबुक की छायाप्रति और मोबाइल नंबर के साथ स्वयं उपस्थित होकर अपने वार्ड से संबंधित जोन कार्यालय या च्वाइस सेंटर में जाकर प्रक्रिया पूरी कर सकते हैं। नगर निगम प्रशासन ने सभी हितग्राहियों से समय रहते सत्यापन कराने की अपील करते हुए कहा है कि सत्यापन नहीं होने की स्थिति में पेंशन राशि मिलने में बाधा आ सकती है, इसलिए निर्धारित प्रक्रिया को जल्द पूरा करना आवश्यक है।

          सड़क किनारे कबाड़ डंप कर गंदगी फैलाने पर निगम ने लगाया 20 हजार का जुर्माना

              Share post:

              Popular

              More like this
              Related