ओवरलोडिंग और तेज रफ्तार बनी हादसे की वजह, पुलिस जांच में जुटी
कोरबा (AkhandBharatHNKP.Com)। रजगामार चौकी क्षेत्र में मजदूरों से भरी एक पिकअप वाहन के अनियंत्रित होकर पलट जाने से नौ मजदूर घायल हो गए। घायलों में तीन महिला मजदूरों की हालत गंभीर बताई जा रही है। दुर्घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय ग्रामीणों और राहगीरों की मदद से वाहन के नीचे फंसे मजदूरों को बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया गया।
जानकारी के अनुसार ग्राम दरगा के 12 से अधिक मजदूर गोढ़ी स्थित एक कार्बन फैक्ट्री में काम करने के लिए पिकअप वाहन से जा रहे थे। इसी दौरान ग्राम बनखेता के पास चालक वाहन से नियंत्रण खो बैठा। तेज रफ्तार पिकअप सड़क किनारे पलटकर एक पेड़ से जा टकराई। हादसा इतना भीषण था कि वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। दुर्घटना के बाद घटनास्थल पर मौजूद ग्रामीण और राहगीर तत्काल मदद के लिए आगे आए। लोगों ने मिलकर पलटी हुई पिकअप को सीधा किया और उसके नीचे दबे मजदूरों को सुरक्षित बाहर निकाला। सूचना मिलने पर रजगामार चौकी पुलिस भी मौके पर पहुंची और घायलों को एंबुलेंस के जरिए अस्पताल भेजा गया। हादसे में गंभीर रूप से घायल मजदूरों में उर्मिला कंवर, अंजली कंवर और सरिता मांझी शामिल हैं। वहीं अन्य घायल मजदूरों का उपचार अस्पताल में जारी है। घायल मजदूर सविता ने बताया कि वे रोज की तरह काम पर जाने के लिए वाहन में सवार हुई थीं, तभी रास्ते में पिकअप अनियंत्रित होकर पलट गई। बताया जा रहा है कि गोढ़ी स्थित कार्बन फैक्ट्री में आसपास के गांवों के बड़ी संख्या में मजदूर कार्यरत हैं। ठेकेदार द्वारा उनके आवागमन के लिए पिकअप वाहनों की व्यवस्था की जाती है। स्थानीय लोगों के अनुसार इन वाहनों में अक्सर क्षमता से अधिक मजदूरों को बैठाया जाता है, जिससे दुर्घटना की आशंका बनी रहती है।
पुलिस मामले की जांच कर रही
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक लखन पटले ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंच गई थी। सभी घायलों को तत्काल उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया है। प्रारंभिक जांच में तेज रफ्तार और ओवरलोडिंग को दुर्घटना का संभावित कारण माना जा रहा है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

