अमित जोगी के विवादित वीडियो पर सियासी बवाल, भाजपा ने दर्ज कराई एफआईआर; पोस्ट हटाकर मांगी माफी

      Date:

      • पीएम मोदी और मुख्य चुनाव आयुक्त को लेकर बनाया था आपत्तिजनक वीडियो, सांकेतिक शादी और हनीमून के दृश्य दिखाने पर भड़की भाजपा; 24 घंटे में कार्रवाई की मांग

      रायपुर (AkhandBharatHNKP.Com)। छत्तीसगढ़ की राजनीति में जनता कांग्रेस छत्तीसगढ़ (जे) के प्रदेश अध्यक्ष अमित जोगी के एक सोशल मीडिया वीडियो को लेकर विवाद खड़ा हो गया है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार को लेकर बनाए गए इस वीडियो पर भारतीय जनता पार्टी ने कड़ी आपत्ति जताई है। भाजपा नेताओं और कार्यकर्ताओं ने रायपुर के सिविल लाइंस थाने पहुंचकर अमित जोगी के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई और एफआईआर की मांग की।

          अमित जोगी

          विवादित वीडियो में प्रधानमंत्री मोदी और मुख्य चुनाव आयुक्त के मुखौटे पहने किरदारों के जरिए सांकेतिक शादी और हनीमून के दृश्य दिखाए गए थे। वीडियो सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर इसकी आलोचना शुरू हो गई। भाजपा ने इसे देश के संवैधानिक पदों पर बैठे व्यक्तियों का अपमान बताते हुए विरोध दर्ज कराया। दरअसल, अमित जोगी ने कथित वोट चोरी के मुद्दे पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार को निशाने पर लेते हुए यह वीडियो सोशल मीडिया पर साझा किया था। इसमें ‘ज्ञानू-जानू की शादी’ के नाम से व्यंग्यात्मक दृश्य प्रस्तुत किए गए थे। वीडियो में दोनों किरदारों की सांकेतिक शादी और हनीमून के दृश्य दिखाए गए, जिसके बाद मामला राजनीतिक विवाद में बदल गया।

          विवाद बढ़ा तो पोस्ट हटाकर मांगी माफी

          लगातार बढ़ते विरोध के बीच अमित जोगी ने अपने सोशल मीडिया खाते से वीडियो हटा दिया। उन्होंने सार्वजनिक रूप से माफी मांगते हुए स्वीकार किया कि अपनी बात रखने का तरीका सही नहीं था। अमित जोगी ने कहा कि जिस संदेश को वह देना चाहते थे, उसे किसी दूसरे तरीके से भी रखा जा सकता था। उन्होंने यह भी कहा कि खुद का मजाक बनाकर अपनी बात रखना अलग है, लेकिन किसी के निजी रिश्ते या निजी जीवन को व्यंग्य का हिस्सा बनाना ऐसी सीमा है, जिसे पार नहीं करना चाहिए। उन्होंने अपनी पोस्ट से आहत लोगों से माफी भी मांगी।

          भाजपा ने 24 घंटे में कार्रवाई की मांग की

          मामले को लेकर भाजपा विधायक राजेश मूणत के नेतृत्व में पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं ने रायपुर के सिविल लाइंस थाने में शिकायत दर्ज कराई। राजेश मूणत ने आरोप लगाया कि वीडियो में देश के प्रधानमंत्री और मुख्य चुनाव आयुक्त के किरदारों के माध्यम से आपत्तिजनक दृश्य प्रस्तुत किए गए हैं। उन्होंने कहा कि वीडियो की पटकथा तैयार करने वाले, इसे फिल्माने वाले और इसमें भूमिका निभाने वाले सभी संबंधित लोगों के खिलाफ शिकायत की गई है। भाजपा नेताओं ने पुलिस प्रशासन से मामले में 24 घंटे के भीतर कार्रवाई करने की मांग की है।

          जग्गी हत्याकांड : हाईकोर्ट में अमित जोगी को बताया मास्टरमाइंड

              Share post:

              Popular

              More like this
              Related