स्टाइपेंड बढ़ाने की मांग पर इसी महीने सकारात्मक निर्णय का भरोसा, श्याम बिहारी जायसवाल ने कहा- प्रक्रिया तेज
रायपुर (AkhandBharatHNKP.Com)। प्रदेश के विभिन्न मेडिकल कॉलेजों के इंटर्न डॉक्टरों ने स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल से मुलाकात के बाद अपना आंदोलन स्थगित करने का निर्णय लिया है। इंटर्न डॉक्टरों ने मंत्री के साथ अपनी मांगों को लेकर विस्तार से चर्चा की और सरकार पर भरोसा जताते हुए आंदोलन स्थगित करने पर सहमति दी।
बैठक के दौरान स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि इंटर्न डॉक्टरों के स्टाइपेंड में वृद्धि की मांग पर आवश्यक प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। IMA-MSN छत्तीसगढ़ की ओर से प्रस्तुत प्रस्ताव और संबंधित प्रकरण पर विभागीय स्तर पर कार्रवाई आगे बढ़ाई जा रही है।मंत्री ने इंटर्न डॉक्टरों को भरोसा दिलाया कि उनकी मांग पर इसी महीने आवश्यक और सकारात्मक निर्णय लेने के लिए प्रक्रिया तेज कर दी गई है।
चिकित्सा शिक्षा के प्रति सरकार प्रतिबद्ध
स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने कहा कि मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में प्रदेश सरकार चिकित्सा शिक्षा से जुड़े विषयों को लेकर गंभीर और संवेदनशील है। सरकार इंटर्न डॉक्टरों की समस्याओं और हितों पर सकारात्मक दृष्टिकोण के साथ काम कर रही है। मंत्री से चर्चा के बाद इंटर्न डॉक्टरों ने सरकार के आश्वासन पर भरोसा जताते हुए आंदोलन स्थगित करने का निर्णय लिया। बैठक के बाद सभी पक्षों ने संतोष व्यक्त किया।

