रायपुर (AkhandBharatHNKP.Com)। छत्तीसगढ़ सरकार ने साफ किया है कि प्रदेश में पेट्रोल और डीजल की किसी प्रकार की कमी नहीं है। खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता संरक्षण विभाग ने कहा है कि राज्य में ईंधन का पर्याप्त भंडार मौजूद है और सप्लाई पूरी तरह सामान्य बनी हुई है।
सरकार ने बताया कि पश्चिम एशिया की मौजूदा परिस्थितियों को देखते हुए भारत सरकार के पेट्रोलियम एवं प्राकृतिक गैस मंत्रालय से लगातार संपर्क किया जा रहा है, ताकि प्रदेश में ईंधन आपूर्ति बिना किसी रुकावट जारी रहे। अधिकारियों के अनुसार, राज्य में एलपीजी, पेट्रोल और डीजल का पर्याप्त स्टॉक उपलब्ध है। हर सप्ताह आपूर्ति की समीक्षा की जा रही है ताकि आम लोगों को किसी तरह की परेशानी न हो। शासन ने नागरिकों से अपील की है कि वे किसी भी अफवाह पर भरोसा न करें। प्रदेश के 2516 पेट्रोल पंपों और तीनों प्रमुख ऑयल कंपनियों के डिपो में पर्याप्त मात्रा में पेट्रोल-डीजल उपलब्ध है। मार्च 2026 में पेट्रोल की जरूरत 1.01 लाख किलोलीटर थी, जबकि 1.27 लाख किलोलीटर सप्लाई की गई। वहीं अप्रैल में 23 तारीख तक 1.60 लाख किलोलीटर पेट्रोल पहुंच चुका है।
जमाखोरी व कालाबाजारी रोकने के लिए छापेमारी
डीजल की बात करें तो मार्च में 1.64 लाख किलोलीटर जरूरत के मुकाबले 3 लाख किलोलीटर आपूर्ति की गई। अप्रैल में 23 अप्रैल तक 1.38 लाख किलोलीटर डीजल की सप्लाई हो चुकी है। जमाखोरी और कालाबाजारी रोकने के लिए जिलों में लगातार निरीक्षण और छापेमारी की जा रही है। शिकायतों के समाधान के लिए विभागीय कॉल सेंटर 1800-233-3663 भी सक्रिय है। सरकार के मुताबिक फिलहाल राज्य में 77,111 किलोलीटर पेट्रोल, जो 22 दिनों की जरूरत के बराबर है, और 84,295 किलोलीटर डीजल, जो करीब 15 दिनों की खपत के लिए पर्याप्त है, उपलब्ध है।

