सक्ती (AkhandBharatHNKP.Com)। धीवर समाज महासभा बिलासपुर संभाग का दो दिवसीय वार्षिक सम्मेलन एवं सम्मान समारोह 22 से 23 अप्रैल 2026 तक सक्ती स्थित सामुदायिक भवन (जवाहरलाल नेहरू कॉलेज के पास) में भव्य एवं ऐतिहासिक रूप से आयोजित किया गया। इस सम्मेलन में बिलासपुर संभाग के विभिन्न जिलों, रेंजों और केंद्रों से बड़ी संख्या में समाज के लोग, माताएं, बहनें, युवा एवं पदाधिकारी शामिल हुए।

कार्यक्रम का शुभारंभ समाज के आराध्य देव भगवान श्रीरामचंद्र जी के छायाचित्र पर पूजा-अर्चना, दीप प्रज्वलन और माल्यार्पण के साथ किया गया। इसके बाद सभी अतिथियों का चंदन तिलक, फूलमाला, शाल, श्रीफल एवं गुलदस्ता भेंट कर आत्मीय स्वागत किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में जांजगीर-चांपा लोकसभा सांसद श्रीमती कमलेश जांगड़े उपस्थित रहीं। विशिष्ट अतिथि के रूप में जनपद सदस्य मो. सफीक अहमद, ग्राम पंचायत बोरदा की सरपंच श्रीमती अनिता संजय सिदार एवं पूर्व सरपंच संजय सिदार शामिल हुए। सम्मेलन की अध्यक्षता धीवर समाज महासभा अध्यक्ष देवव्रत भीष्म ने की। सम्मेलन के दौरान सांसद कमलेश जांगड़े ने धीवर समाज सामुदायिक भवन कंचनपुर सक्ती का विधिवत भूमिपूजन किया। इस अवसर पर उन्होंने सांसद निधि से 10 लाख रुपए देने की घोषणा की। समाज के लोगों ने इस घोषणा का जोरदार स्वागत किया और सांसद का आभार जताया।
मेधावी छात्र-छात्राओं का सम्मान
कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण प्रतिभावान विद्यार्थियों का सम्मान समारोह रहा। सत्र 2025 में कक्षा 10वीं और 12वीं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को प्रशस्ति पत्र, मोमेंटो और प्रोत्साहन राशि देकर सम्मानित किया गया। कक्षा 10वीं में प्रथम स्थान दीक्षा (95.16 प्रतिशत), द्वितीय सोनू (94.6 प्रतिशत) और तृतीय प्रकाश कुमार (91 प्रतिशत) रहे। कक्षा 12वीं में प्रथम स्थान प्रकाश (78.6 प्रतिशत), द्वितीय निधि (77.6 प्रतिशत) और तृतीय ध्रुव कुमार (77.2 प्रतिशत) रहे। प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों को क्रमश: 5100, 3100 और 2100 रुपए की राशि देकर सम्मानित किया गया।
खेल, कला और उच्च शिक्षा में उत्कृष्ट बच्चों का सम्मान
समाज ने खेलकूद, गायन, कला और उच्च शिक्षा के क्षेत्र में नाम रोशन करने वाले विद्यार्थियों को भी मंच पर सम्मानित किया। खिलाडिय़ों, कलाकारों और विश्वविद्यालय स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले छात्रों को प्रशस्ति पत्र एवं मोमेंटो देकर उत्साहवर्धन किया गया। आज के दौर में फिजूलखर्ची वाली शादियों को नकारते हुए हिंदू रीति-रिवाज से सादगीपूर्ण विवाह करने वाले मनोज कुमार धीवर एवं लक्ष्मीन बाई धीवर को समाज द्वारा सम्मानित किया गया। उन्हें विवाह प्रमाण पत्र, दीवार घड़ी और 5100 रुपए की प्रोत्साहन राशि प्रदान की गई।
युवक-युवती परिचय सम्मेलन का भी आयोजन
विवाह योग्य युवक-युवतियों के लिए परिचय सम्मेलन भी आयोजित किया गया। इसमें युवक-युवतियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और मंच पर समाज के सामने अपना परिचय दिया। इस आयोजन की सफलता उस समय देखने को मिली जब मंच से परिचय देने वाले एक युवक को लड़की पक्ष द्वारा पसंद कर विवाह के लिए सहमति प्रदान की गई। समाज के बच्चों द्वारा रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए गए, जिन्हें उपस्थित लोगों ने खूब सराहा। उत्कृष्ट प्रस्तुति देने वाले बच्चों को प्रशस्ति पत्र एवं प्रोत्साहन राशि देकर सम्मानित किया गया।
नि:शुल्क स्वास्थ्य शिविर का आयोजन
महासभा के निर्देश पर सम्मेलन में स्वास्थ्य शिविर भी लगाया गया। समाज के मुरली मनोहर धीवर एवं प्रेरणा धीवर द्वारा सामाजिक बंधुओं की नि:शुल्क ब्लड प्रेशर, शुगर और रक्त जांच की गई तथा स्वास्थ्य परामर्श दिया गया। दोनों को समाज के प्रति समर्पण के लिए स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया गया। महासभा कोषाध्यक्ष द्वारा समाज के समक्ष आय-व्यय का विस्तृत विवरण पारदर्शिता और ईमानदारी के साथ प्रस्तुत किया गया, जिसकी उपस्थित लोगों ने सराहना की। साथ ही सामाजिक प्रकरणों का न्यायसंगत निपटारा भी किया गया।
सांसद ने समाज की मांग संसद में उठाने का दिया भरोसा
सांसद कमलेश जांगड़े ने अपने संबोधन में मछुआरा समाज को अनुसूचित जनजाति वर्ग में शामिल किए जाने की बहुप्रतीक्षित मांग को लोकसभा में उठाने का भरोसा दिलाया। उन्होंने समाज के बच्चों को पढ़-लिखकर बड़े पदों पर पहुंचने के लिए प्रेरित किया। कार्यक्रम का सफल संचालन बलिराम लहिमोर और राजेश धीवर ने किया। आयोजन को सफल बनाने में जैजैपुर रेंज, रायपुरा केंद्र, सक्ती समाज और अन्य पदाधिकारियों का विशेष योगदान रहा। अंत में महासभा अध्यक्ष देवव्रत भीष्म ने सभी अतिथियों, पदाधिकारियों, समाजजनों और सहयोगियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि सभी की मेहनत, लगन और एकता से यह सम्मेलन ऐतिहासिक रूप से सफल हुआ है।

