जलती चिता से हड्डियां निकलकर तंत्र-मंत्र कर रहा था अघोरी, रिश्तेदारों ने घसीटकर लात-घूसों से पीटा

      Date:

      • महिला के अंतिम संस्कार के बाद श्मशान घाट पहुंचा था बाबा, मंत्र पढ़कर चिता पर डाल रहा था शराब; गंभीर हालत में सिम्स में भर्ती

      बिलासपुर (AkhandBharatHNKP.Com)। छत्तीसगढ़ के बिलासपुर में श्मशान घाट पर एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है। महिला के अंतिम संस्कार के बाद उसकी जलती चिता से हड्डियां निकालकर तंत्र-मंत्र करने का आरोप एक अघोरी बाबा पर लगा है। घटना की जानकारी मिलते ही मृतका के परिजन और स्थानीय लोग आक्रोशित हो गए। उन्होंने बाबा को पकड़कर जमकर मारपीट की। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।

          श्मशान घाट

          मामला कोनी थाना क्षेत्र के देवनगर स्थित श्मशान घाट का है। मारपीट में घायल बाबा की पहचान शिवराम के रूप में हुई है। गंभीर हालत में उसे उपचार के लिए सिम्स अस्पताल में भर्ती कराया गया है। जानकारी के अनुसार, एक नवंबर को कोनी निवासी अनिता यादव ने आत्महत्या कर ली थी। उसी दिन शाम को परिजनों ने श्मशान घाट में उसका अंतिम संस्कार किया और घर लौट गए। आरोप है कि देर रात शिवराम बाबा कुछ अन्य लोगों के साथ श्मशान घाट पहुंचा। वहां महिला की जलती चिता के पास बैठकर मंत्र पढ़ते हुए शराब की बूंदें डालने लगा। रात में जब परिजन श्मशान घाट पहुंचे तो वहां बाबा के साथ एक बुजुर्ग और दो युवक भी मौजूद थे। परिजनों को देखकर दोनों युवक मौके से भाग निकले, जबकि बाबा और बुजुर्ग को पकड़ लिया गया।

          चिता से हड्डियां गायब होने पर भड़के परिजन

          मृतका के परिजनों का आरोप है कि चिता से महिला की खोपड़ी और हड्डियां गायब हैं। पूछताछ के दौरान बुजुर्ग ने कथित तौर पर बताया कि बाबा ने ही चिता से हड्डियां निकाली थीं। उसने यह भी बताया कि उसे चावल और शराब लाने के लिए कहा गया था। इसके बाद बाबा मंत्र पढ़कर चिता पर शराब डाल रहा था। वहीं, बाबा ने खुद को निर्दोष बताते हुए कहा कि वह केवल वहां बैठा था और उसका इस घटना से कोई लेना-देना नहीं है।

          जमीन पर घसीटकर लात-घूंसों से पीटा

          घटना के बाद मृतका के पति समेत परिजन और स्थानीय लोगों ने बाबा को घेर लिया। इसके बाद उसके साथ जमकर मारपीट की गई। वायरल वीडियो में कुछ लोग बाबा को जमीन पर घसीटते, बाल पकड़कर खींचते और लात-घूंसों से पीटते दिखाई दे रहे हैं। मारपीट के दौरान उसके मुंह से खून निकलता भी नजर आ रहा है।

          तीन लोगों के खिलाफ शिकायत, पुलिस जांच में जुटी

          घटना के बाद घायल शिवराम को उपचार के लिए सिम्स अस्पताल में भर्ती कराया गया। मामले में नितेश यादव (23), राजा यादव (26) और उमेश सिंह ठाकुर (32) के खिलाफ मारपीट की शिकायत मिलने पर पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। पुलिस पूरे मामले की पड़ताल कर रही है। श्मशान घाट में हुई कथित तंत्र-साधना और चिता से हड्डियां गायब होने के आरोपों की भी जांच की जा रही है। घटना के बाद इलाके में इसकी चर्चा बनी हुई है।

          श्मशान घाट में हाईकोर्ट चीफ जस्टिस की तस्वीर रखकर तंत्र साधना! वीडियो वायरल

              Share post:

              Popular

              More like this
              Related