ग्रामीणों ने संदिग्ध गतिविधियां देख चार युवकों को घेरा, एक पकड़ाया; तीन मौके से फरार, पुलिस कर रही पूछताछ
बिलासपुर (AkhandBharatHNKP.Com)। बिलासपुर जिले में श्मशान घाट पर कथित तंत्र साधना का हैरान करने वाला मामला सामने आया है। सीपत थाना क्षेत्र के ग्राम देवरी स्थित मुक्तिधाम में चार युवक कथित तौर पर हाईकोर्ट के चीफ जस्टिस रमेश कुमार सिन्हा समेत तीन लोगों की तस्वीरें रखकर पूजा-पाठ कर रहे थे। ग्रामीणों को जब इसकी जानकारी हुई तो उन्होंने मौके पर पहुंचकर युवकों को घेरने की कोशिश की। इस दौरान तीन युवक भाग निकले, जबकि एक युवक को ग्रामीणों ने पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया। मौके पर पहुंची पुलिस को वहां से मरी हुई मछली, नींबू, सिंदूर, नारियल सहित पूजा में इस्तेमाल होने वाली अन्य सामग्री मिली है। घटनास्थल से तस्वीरें भी बरामद होने की बात सामने आई है। पुलिस ने युवक को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।
घटना से जुड़ा एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। वीडियो में पुलिस पकड़े गए युवक से पूछताछ करती नजर आ रही है। पुलिसकर्मी युवक से सवाल करते हुए कहते हैं कि जज को ही मारना चाहते हो क्या? इस पर युवक खुद को पढ़ा-लिखा बताते हुए ऐसी गतिविधि से इनकार करता दिखाई दे रहा है। हालांकि वायरल वीडियो और मौके से मिले सामान को लेकर पुलिस अभी पूरे मामले की जांच कर रही है। बताया जा रहा है कि ग्राम देवरी के मुक्तिधाम में पहले भी संदिग्ध गतिविधियों को लेकर ग्रामीणों में नाराजगी रही है। शुक्रवार रात कुछ लोगों ने श्मशान घाट में युवकों की गतिविधियां देखीं तो उन्हें संदेह हुआ। ग्रामीणों ने कुछ देर तक निगरानी करने के बाद एकजुट होकर मौके पर पहुंचकर युवकों को पकडऩे की कोशिश की। ग्रामीणों को अपनी ओर आता देखकर चारों युवक भागने लगे। ग्रामीणों ने पीछा कर एक युवक को पकड़ लिया, जबकि उसके तीन साथी फरार हो गए। इसके बाद सीपत पुलिस को सूचना दी गई और युवक को पुलिस के हवाले कर दिया गया।
सोशल मीडिया के जरिए तांत्रिक के संपर्क में आने की बात
पुलिस की शुरुआती पूछताछ में पकड़े गए युवक की पहचान ऋषिकेश कुमार, निवासी राजकिशोर नगर, बिलासपुर के रूप में बताई गई है। शुरुआत में युवक ने श्मशान घाट में तंत्र-मंत्र करने की बात से इनकार किया। उसने पुलिस को बताया कि वह गांव में घूमने आया था और खुद को बिल्डर बताया। पूछताछ में सोशल मीडिया के माध्यम से एक कथित तांत्रिक के संपर्क में आने की बात सामने आई है। बताया जा रहा है कि कथित तांत्रिक ने जेल में बंद रिश्तेदार को जमानत दिलाने के लिए श्मशान घाट में तंत्र क्रिया करने की सलाह दी थी।
जमानत के लिए कथित तंत्र साधना का दावा
पुलिस के मुताबिक, ऋषिकेश के रिश्तेदार प्रियांशु के खिलाफ चाकूबाजी का मामला है और वह जेल में बंद है। उसकी जमानत के लिए हाईकोर्ट में याचिका लंबित होने की बात सामने आई है। इसी मामले में जमानत मिलने की कथित मान्यता के चलते चार युवकों के श्मशान घाट पहुंचने और हाईकोर्ट के चीफ जस्टिस समेत अन्य लोगों की तस्वीरें रखकर पूजा करने की बात सामने आई है। हालांकि, पुलिस अभी मामले के सभी पहलुओं की जांच कर रही है और तंत्र साधना के पीछे वास्तविक उद्देश्य क्या था, इसका पता लगाया जा रहा है।
पुलिस जुटा रही फरार युवकों की जानकारी
सीपत पुलिस ने मौके से मिली पूजा सामग्री, तस्वीरों और अन्य वस्तुओं को जांच के दायरे में लिया है। पकड़े गए युवक से पूछताछ के आधार पर उसके फरार साथियों की पहचान और उनकी भूमिका की जानकारी जुटाई जा रही है। पुलिस यह भी पता लगाने में लगी है कि कथित तांत्रिक कौन है और युवकों को इस गतिविधि के लिए किसने प्रेरित किया था।

