बिलासपुर (AkhandBharatHNKP.Com)। छत्तीसगढ़ के बिलासा देवी केवट एयरपोर्ट से अब दिल्ली के लिए रात में सीधी फ्लाइट सेवा शुरू होने जा रही है। करीब पांच साल बाद एयरपोर्ट से नाइट फ्लाइट संचालन की शुरुआत होगी, जिससे क्षेत्र की हवाई कनेक्टिविटी को नई रफ्तार मिलेगी।

एलायंस एयर की यह सेवा 3 मई से शुरू होगी और हर रविवार संचालित की जाएगी। विमान शाम 6:45 बजे बिलासपुर से उड़ान भरेगा और लगभग 2 घंटे 40 मिनट में दिल्ली पहुंचेगा। वापसी में यह फ्लाइट शाम 6:20 बजे बिलासपुर पहुंचेगी। बिलासा एयरपोर्ट को 6 फरवरी 2026 को नाइट लैंडिंग का लाइसेंस मिला था। डीजीसीए ने एयरपोर्ट को 3सी-वीएफआर से अपग्रेड कर 3सी-आईएफआर श्रेणी में शामिल किया है, जिसके बाद यह सुविधा संभव हो सकी।
कारोबारियों और अफसरों को बड़ी राहत
इस नई सेवा से कारोबारियों, अधिकारियों और यात्रियों को बड़ी राहत मिलेगी। लोग दिनभर काम निपटाने के बाद शाम को आसानी से यात्रा कर सकेंगे। साथ ही शाम के समय तापमान कम रहने से विमान पूरी क्षमता के साथ उड़ान भर सकेगा। हवाई सुविधा जनसंघर्ष समिति ने इस पहल का स्वागत करते हुए रविवार के साथ बुधवार को भी दिल्ली के लिए सीधी उड़ान शुरू करने की मांग की है।

