सिंगापुर यात्रा में छत्तीसगढ़ को मिले ₹43,600 करोड़ के एफडीआई निवेश प्रस्ताव

      Date:

      • सिंगापुर में छत्तीसगढ़ ने कौशल विकास के लिए किया एमओयू, एग्रो प्रोसेसिंग में ₹350 करोड़ का नया निवेश

      • उद्योगों की जरूरत के मुताबिक युवाओं को तैयार करने ITE Education Services के साथ समझौता

      • Valency International छत्तीसगढ़ में बनाएगी एग्रो एवं फूड प्रोसेसिंग और एक्सपोर्ट हब

          सिंगापुर यात्रा

          रायपुर (AkhandBharatHNKP.Com)। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की सिंगापुर यात्रा के अंतिम दिन छत्तीसगढ़ को निवेश और कौशल विकास के क्षेत्र में कई महत्वपूर्ण अवसर मिले। सिंगापुर यात्रा के दौरान प्रदेश को कुल 43,600 करोड़ रुपए के प्रत्यक्ष विदेशी निवेश (एफडीआई) प्रस्ताव मिले हैं। वहीं युवाओं को उद्योगों की जरूरत के अनुरूप प्रशिक्षण देने के लिए सिंगापुर की आईटीई एजुकेशन सर्विसेज के साथ समझौता किया गया है। इसके अलावा एग्रो एवं फूड प्रोसेसिंग क्षेत्र में 350 करोड़ रुपए के नए निवेश का प्रस्ताव भी मिला है।

          सिंगापुर यात्रा

          मुख्यमंत्री विष्णु देव साय की मौजूदगी में छत्तीसगढ़ सरकार और आईटीई एजुकेशन सर्विसेज, सिंगापुर के बीच तकनीकी एवं व्यावसायिक शिक्षा और प्रशिक्षण को लेकर एमओयू हुआ। मुख्यमंत्री और प्रतिनिधिमंडल ने आईटीई कॉलेज का दौरा कर वहां संचालित उद्योग आधारित प्रशिक्षण व्यवस्था को भी समझा। सिंगापुर में सिस्को, बीवाईडी और सिंगापुर एयरलाइंस जैसी कंपनियां आईटीई कॉलेजों के साथ मिलकर पाठ्यक्रम तैयार करने, प्रशिक्षण देने और जरूरी उपकरण उपलब्ध कराने में सहयोग करती हैं। इसी मॉडल का लाभ छत्तीसगढ़ में लेने की तैयारी है। इससे उद्योगों की जरूरत के अनुसार पाठ्यक्रम तैयार करने, प्रशिक्षकों को बेहतर प्रशिक्षण देने और युवाओं के लिए रोजगार के अवसर बढ़ाने में मदद मिलेगी। मुख्यमंत्री साय ने कहा कि निवेश से उद्योग आते हैं और कुशल युवा उन उद्योगों की ताकत बनते हैं। सिंगापुर के कौशल विकास मॉडल का लाभ छत्तीसगढ़ के युवाओं को देने का प्रयास किया जाएगा, ताकि प्रदेश में आने वाले उद्योगों को स्थानीय स्तर पर प्रशिक्षित मानव संसाधन उपलब्ध हो सके।

          https://dprcg.gov.in/post/1791295605/Raipur-Chhattisgarh-signs-MoU-for-skill-development-in-Singapore-new-investment-of-₹350-crore-in-agro-processing

          किसानों की उपज को मिलेगा नया बाजार

          मुख्यमंत्री साय ने सिंगापुर की वैलेन्सी इंटरनेशनल प्राइवेट लिमिटेड को छत्तीसगढ़ में निवेश के लिए आमंत्रित किया। कंपनी प्रदेश में 350 करोड़ रुपए की लागत से एकीकृत एग्रो एवं फूड प्रोसेसिंग और निर्यात केंद्र स्थापित करेगी। इस केंद्र में काजू, तिल, दलहन और मूंगफली जैसी कृषि उपज की प्रसंस्करण गतिविधियां होंगी। इससे किसानों की उपज का प्रदेश में ही मूल्य संवर्धन होगा। साथ ही कृषि उत्पादों के लिए नए बाजार विकसित होने और स्थानीय स्तर पर रोजगार के अवसर बढ़ने की उम्मीद है।

          सिंगापुर के विदेश मंत्री से मुख्यमंत्री की मुलाकात

          मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने सिंगापुर के विदेश मंत्री डॉ. विवियन बालाकृष्णन से मुलाकात की। इस दौरान छत्तीसगढ़ और सिंगापुर के बीच निवेश, कौशल विकास, शहरी नियोजन और तकनीक के क्षेत्र में सहयोग बढ़ाने पर चर्चा हुई। बैठक में सिंगापुर के अनुभव और विशेषज्ञता का उपयोग छत्तीसगढ़ के विकास में किस तरह किया जा सकता है, इस पर भी विचार-विमर्श हुआ।

          15 से अधिक वैश्विक कंपनियों से निवेश पर चर्चा

          मुख्यमंत्री ने सीईओ राउंडटेबल में 15 से अधिक वैश्विक कंपनियों के प्रतिनिधियों से संवाद किया। इनमें टीसीएस, एसएमबीसी, टोलाराम ग्रुप, एग्रोकार्प, इंडियन ओशन ग्रुप और ब्लू एक्वा जैसी कंपनियां शामिल रहीं। बैठक में छत्तीसगढ़ की निवेश नीतियों, सुधारों और कारोबारी वातावरण की जानकारी दी गई। तकनीक, बैंकिंग, कृषि व्यवसाय, जलीय कृषि और खाद्य क्षेत्र में निवेश तथा साझेदारी की संभावनाओं पर चर्चा हुई।

          एआई और डिजिटल वित्त में प्रशिक्षण पर जोर

          मुख्यमंत्री ने ग्लोबल फाइनेंस एंड टेक्नोलॉजी नेटवर्क के प्रतिनिधियों के साथ भी बैठक की। इसमें छत्तीसगढ़ के युवाओं को कृत्रिम बुद्धिमत्ता और डिजिटल वित्त के क्षेत्र में प्रशिक्षण देने, प्रदेश के स्टार्टअप को वैश्विक निवेशकों से जोड़ने तथा नई तकनीकों के लिए तकनीकी प्रयोगशालाएं स्थापित करने की संभावनाओं पर चर्चा हुई। छत्तीसगढ़ ने भारत सरकार के विदेश मंत्रालय के नामांकन पर सिंगापुर-इंडिया नेटवर्क फॉर ग्रोथ (सिंग) फोरम 2026 में हिस्सा लिया। मुख्यमंत्री की सिंगापुर यात्रा के दौरान हुए समझौतों और निवेश चर्चाओं से प्रदेश में निवेश के साथ कौशल, तकनीक, कृषि प्रसंस्करण और वैश्विक साझेदारी के नए अवसर खुलने की उम्मीद है।

          सिंगापुर की एनर्जी कैपिटल ग्लोबल छत्तीसगढ़ में एआई-रेडी डेटा सेंटर कैंपस में करेगी 41,750 करोड़ का निवेश

              Share post:

              Popular

              More like this
              Related