बालको का स्वास्थ्य संकल्प : 70 से अधिक गांवों के 1.2 लाख लोगों तक पहुंची स्वास्थ्य सेवाएं

      Date:

      • ‘आरोग्य’ से प्राथमिक स्वास्थ्य और पोषण सेवाओं का विस्तार, बालको अस्पताल में विशेषज्ञ उपचार और बीएमसी में उन्नत कैंसर चिकित्सा की सुविधा

      बालकोनगर (AkhandBharatHNKP.Com)। भारत एल्यूमिनियम कंपनी लिमिटेड (बालको) की सामुदायिक स्वास्थ्य परियोजना ‘आरोग्य’ के माध्यम से कोरबा और छत्तीसगढ़ के 70 से अधिक गांवों में 1.2 लाख से ज्यादा लोगों तक स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाई गई हैं। प्राथमिक स्वास्थ्य, मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य, पोषण, निवारक देखभाल और स्वास्थ्य जागरूकता को केंद्र में रखकर संचालित इन पहलों से ग्रामीण और दूरस्थ क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाओं की पहुंच बढ़ाने का प्रयास किया जा रहा है।

          वित्तवर्ष 2026 में ‘आरोग्य’ के तहत 92 हजार से अधिक लोगों को प्राथमिक, निवारक और उपचारात्मक स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराई गईं। तीन ग्रामीण स्वास्थ्य केंद्रों के माध्यम से करीब 4,800 लोगों को नियमित प्राथमिक उपचार और चिकित्सकीय परामर्श मिला। दूरस्थ क्षेत्रों तक स्वास्थ्य सुविधाएं पहुंचाने के लिए दो मोबाइल स्वास्थ्य वैन भी संचालित की गईं। वहीं बहु-विशेषज्ञ स्वास्थ्य शिविरों में सामान्य चिकित्सा के साथ दंत, त्वचा, हड्डी और स्त्री रोग विशेषज्ञों की सेवाएं भी उपलब्ध कराई गईं।

          बच्चों के स्वास्थ्य और पोषण पर विशेष ध्यान

          बालको की स्वास्थ्य पहल के तहत 51 आंगनवाड़ी केंद्रों में 0 से 5 वर्ष आयु वर्ग के 3,300 से अधिक बच्चों की स्वास्थ्य जांच की गई। इनमें 268 बच्चों को कुपोषण की विभिन्न श्रेणियों में चिन्हित कर विशेष देखभाल दी गई। गंभीर रूप से कुपोषित 18 बच्चों को पोषण पुनर्वास केंद्र भेजा गया। एनीमिया उन्मूलन के लिए 45 शिविर आयोजित किए गए, जिनमें 1,137 गर्भवती महिलाओं, माताओं और किशोरियों को पोषण तथा आयरन के सेवन के प्रति जागरूक किया गया। ‘बेबी स्टेप्स टुगेदर’ पहल के तहत 80 से अधिक दंपतियों को मातृत्व देखभाल में पिता की भूमिका को लेकर प्रशिक्षण दिया गया।

          नशा मुक्ति और बीमारी से बचाव के लिए जागरूकता

          नशा मुक्ति अभियान के तहत विद्यालयों, युवा चौपाल, नुक्कड़ नाटक और जागरूकता शिविरों के माध्यम से 4,900 से अधिक युवाओं और समुदाय के लोगों को जागरूक किया गया। टीबी और एचआईवी जागरूकता के 110 सत्रों के जरिए 67 हजार से अधिक लोगों तक जानकारी पहुंचाई गई, जबकि 64 से अधिक स्वयंसेवकों को प्रशिक्षित किया गया। सुरक्षित मातृत्व दिवस, विश्व मलेरिया दिवस, स्तनपान सप्ताह, पोषण माह और अंतरराष्ट्रीय योग दिवस जैसे अवसरों पर भी विभिन्न स्वास्थ्य जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए।

          बालको अस्पताल में विशेषज्ञ चिकित्सा सुविधाएं

          सामुदायिक स्वास्थ्य सेवाओं के साथ बालको अस्पताल भी बालको परिवार और आसपास के क्षेत्र के लोगों के लिए विशेषज्ञ चिकित्सा सेवाओं का प्रमुख केंद्र है। 125 बिस्तरों वाले इस बहु-विशेषज्ञ अस्पताल में हर साल करीब 2.2 लाख मरीजों का उपचार किया जाता है। अस्पताल में सामान्य चिकित्सा, सामान्य शल्य चिकित्सा, स्त्री एवं प्रसूति रोग, बाल रोग, हड्डी रोग, नेत्र रोग, नाक-कान-गला, दंत चिकित्सा और फिजियोथेरेपी सहित विभिन्न विशेषज्ञ सेवाएं उपलब्ध हैं। अस्पताल में सीटी स्कैन, 2डी ईको, अल्ट्रासाउंड, एक्स-रे, होल्टर मॉनिटरिंग, स्पाइरोमेट्री और ट्रेडमिल जांच जैसी सुविधाएं भी हैं। इसके अलावा जोड़ प्रत्यारोपण, डायलिसिस, मोतियाबिंद की फेकोइमल्सीफिकेशन सर्जरी, लेजर प्रोक्टोलॉजी और ईवीएलए जैसी उन्नत चिकित्सा प्रक्रियाएं उपलब्ध हैं। 10 आईसीयू बिस्तरों और आधुनिक मॉड्यूलर ऑपरेशन थिएटर से गंभीर मरीजों के उपचार और शल्य चिकित्सा क्षमता को मजबूती मिली है।

          बीएमसी में उन्नत कैंसर उपचार की सुविधा

          बालको की स्वास्थ्य सेवाओं का विस्तार बालको मेडिकल सेंटर (बीएमसी), नया रायपुर तक है। 170 बिस्तरों वाला यह तृतीयक कैंसर केंद्र कैंसर की रोकथाम, जांच, निदान और उपचार की सुविधाएं उपलब्ध कराता है। यहां रेडिएशन थेरेपी, ब्रैकीथेरेपी, न्यूक्लियर मेडिसिन, शल्य चिकित्सा, कीमोथेरेपी, इम्यूनोथेरेपी, बोन मैरो ट्रांसप्लांट और पैलिएटिव केयर जैसी सेवाएं उपलब्ध हैं। वर्ष 2018 में स्थापना के बाद से बीएमसी में करीब 76 हजार मरीजों का उपचार किया जा चुका है। इस दौरान लगभग 14 हजार बड़ी सर्जरी और 96 हजार से अधिक कीमोथेरेपी सत्र हुए हैं। कैंसर की शुरुआती पहचान और रोकथाम के लिए 600 से अधिक सामुदायिक स्वास्थ्य जांच एवं जागरूकता कार्यक्रम भी आयोजित किए गए हैं।

          गांवों तक पहुंच रही कैंसर जांच की सुविधा

          कैंसर देखभाल को समुदाय के करीब पहुंचाने के लिए बीएमसी की ओर से मोबाइल कैंसर जांच वैन और स्वास्थ्य स्क्रीनिंग गतिविधियां संचालित की जा रही हैं। वित्तवर्ष 2026 में 250 से अधिक स्वास्थ्य शिविरों और जागरूकता कार्यक्रमों से 20 हजार से अधिक लोग लाभान्वित हुए। जरूरतमंद मरीजों के लिए उपचार सहायता के साथ आवास, परिवहन, पोषण और अन्य सहयोगी सेवाओं पर भी ध्यान दिया जा रहा है, ताकि आर्थिक और सामाजिक कारणों से उपचार में बाधा न आए। हाल ही में आयोजित बीएमसी कैंसर कॉन्क्लेव के दौरान छत्तीसगढ़ में सर्वाइकल कैंसर उन्मूलन कार्यक्रम की शुरुआत की गई। इसका उद्देश्य कैंसर की रोकथाम, शुरुआती पहचान और समुदाय आधारित जांच व्यवस्था को मजबूत करना है।

          128 गांवों तक पहुंच रहे सामुदायिक विकास कार्यक्रम

          बालको के सामुदायिक विकास कार्यक्रम छत्तीसगढ़ के कोरबा, कवर्धा, सरगुजा, रायगढ़ और रायपुर जिलों के 128 गांवों तक पहुंच रहे हैं। ‘आरोग्य’ के माध्यम से समुदाय आधारित स्वास्थ्य सेवाएं, बालको अस्पताल के जरिए स्थानीय स्तर पर विशेषज्ञ चिकित्सा और बीएमसी के माध्यम से उन्नत कैंसर उपचार को एक-दूसरे से जोड़ते हुए स्वास्थ्य सेवाओं को अधिक सुलभ बनाने पर जोर दिया जा रहा है। इन प्रयासों का उद्देश्य स्वस्थ, जागरूक और सशक्त समुदाय के निर्माण में योगदान देना है।

          बालको के इंजीनियर गढ़ रहे एल्यूमिनियम निर्माण का नया अध्याय

              Share post:

              Popular

              More like this
              Related