कम उम्र में हासिल की बड़ी उपलब्धि, जिले के उभरते क्रिकेट खिलाड़ियों के लिए बने प्रेरणा
रायपुर (AkhandBharatHNKP.Com)। रायगढ़ जिले के युवा क्रिकेट खिलाड़ी अनूप चौबे ने अपनी प्रतिभा और मेहनत के दम पर बड़ी उपलब्धि हासिल की है। उनका चयन छत्तीसगढ़ की अंडर-16 क्रिकेट टीम में हुआ है। इस उपलब्धि पर प्रदेश के वित्त मंत्री एवं रायगढ़ विधायक ओपी चौधरी ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए अनूप को बधाई दी और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
वित्त मंत्री चौधरी ने कहा कि कम उम्र में राज्य की क्रिकेट टीम में जगह बनाना अनूप की कड़ी मेहनत, लगन, अनुशासन और खेल के प्रति समर्पण का परिणाम है। यह उपलब्धि न केवल उनके परिवार, बल्कि पूरे रायगढ़ जिले के लिए गर्व की बात है। उन्होंने कहा कि रायगढ़ जिले के युवाओं में प्रतिभा की कोई कमी नहीं है। जरूरत है उन्हें उचित अवसर, मार्गदर्शन और प्रोत्साहन देने की। अनूप चौबे ने अपनी मेहनत और निरंतर अभ्यास से साबित किया है कि मजबूत इच्छाशक्ति के बल पर कम उम्र में भी बड़ी सफलता हासिल की जा सकती है। ओपी चौधरी ने विश्वास जताया कि अनूप अपने शानदार खेल प्रदर्शन से भविष्य में राष्ट्रीय स्तर पर भी छत्तीसगढ़ का नाम रोशन करेंगे। उन्होंने अनूप के खेल जीवन की सफलता की कामना करते हुए उनके परिजनों, प्रशिक्षकों और शुभचिंतकों को भी बधाई दी।

