वृक्षों को नुकसान पहुंचाने पर सख्ती : पौधा क्षतिग्रस्त करने वाले पर 1500 रुपये जुर्माना

      Date:

      • ब्लू बर्ड स्कूल से सुभाष चौक तक लगाए गए पौधे, हरित कोरबा अभियान को मिली नई गति

      कोरबा (AkhandBharatHNKP.Com)। जिला प्रशासन और नगर पालिक निगम कोरबा द्वारा चलाए जा रहे ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के तहत शहर में सघन वृक्षारोपण का कार्य लगातार जारी है। इसी क्रम में रविवार को ब्लू बर्ड स्कूल से सुभाष चौक तक मुख्य मार्ग पर पौधरोपण किया गया। वहीं, निहारिका टॉकीज के सामने लगाए गए पौधे को नुकसान पहुंचाने वाले व्यक्ति पर निगम और पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में 1500 रुपये का अर्थदंड लगाया गया।

          जानकारी के अनुसार, दो दिन पहले ही जिला प्रशासन और नगर निगम ने निहारिका टॉकीज के सामने मुख्य मार्ग पर पौधरोपण किया था। इसके बाद एक व्यक्ति द्वारा लगाए गए पौधे को क्षति पहुंचाई गई। मामले को गंभीरता से लेते हुए पुलिस और नगर निगम की संयुक्त टीम ने संबंधित व्यक्ति भरतलाल पर 1500 रुपये का जुर्माना लगाया और भविष्य में ऐसी हरकत दोबारा नहीं करने की कड़ी चेतावनी दी। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि शासकीय संपत्ति और पर्यावरण संरक्षण से जुड़े कार्यों को नुकसान पहुंचाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। कलेक्टर कुणाल दुदावत के मार्गदर्शन और नगर निगम आयुक्त आशुतोष पांडेय के निर्देशन में वन विभाग के सहयोग से 18 जुलाई से ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान संचालित किया जा रहा है। अभियान के तहत शहर के विभिन्न क्षेत्रों में बड़े पैमाने पर पौधरोपण किया जा रहा है।

          रविवार को आयोजित कार्यक्रम में ब्लू बर्ड स्कूल से सुभाष चौक तक मुख्य मार्ग पर पौधे लगाए गए। इस दौरान नगर निगम के अधीक्षण अभियंता भूषण उरांव, जोन कमिश्नर एन.के. नाथ, सहायक अभियंता पीयूष राजपूत, उद्यान अधीक्षक आनंद राठौर, बलराम दुबे सहित निगम के अधिकारी-कर्मचारी और नागरिकों ने पौधरोपण कर पर्यावरण संरक्षण एवं हरित कोरबा के संकल्प को मजबूत करने का संदेश दिया। अधिकारियों ने नागरिकों से अपील की है कि वे लगाए गए पौधों की सुरक्षा करें और शहर को हरा-भरा बनाने के इस अभियान में सक्रिय भागीदारी निभाएं। साथ ही चेतावनी दी गई कि वृक्षारोपण को नुकसान पहुंचाने वालों के खिलाफ आगे भी कठोर कार्रवाई की जाएगी।

              Share post:

              Popular

              More like this
              Related