36.58 लाख के कार्यों का लोकार्पण, 39.38 लाख के नए विकास कार्यों की रखी आधारशिला; स्कूल, सामुदायिक भवन, मंच और शौचालय निर्माण होंगे
कोरबा (AkhandBharatHNKP.Com)। नगर पालिक निगम कोरबा के वार्ड क्रमांक 61, 63, 64, 65 और 66 को लगभग 76 लाख रुपये के विकास कार्यों की सौगात मिली। प्रदेश के उद्योग, वाणिज्य, श्रम, सार्वजनिक उपक्रम एवं आबकारी मंत्री लखनलाल देवांगन ने महापौर संजूदेवी राजपूत की अध्यक्षता में आयोजित कार्यक्रम में 36.58 लाख रुपये की लागत से पूर्ण हुए विकास कार्यों का लोकार्पण किया, जबकि 39.38 लाख रुपये की लागत से होने वाले नए कार्यों का भूमिपूजन किया।

कार्यक्रम के दौरान वार्ड क्रमांक 65 भैरोताल में 16.58 लाख रुपये की लागत से निर्मित शासकीय माध्यमिक शाला के नवीन भवन एवं शौचालय तथा वार्ड क्रमांक 66 पंखादफाई में 20 लाख रुपये की लागत से बने सामुदायिक भवन का लोकार्पण कर इन्हें आम जनता को समर्पित किया गया। इस दौरान विभिन्न वार्डों में होने वाले विकास कार्यों की आधारशिला भी रखी गई। इनमें वार्ड 65 भैरोताल में 11.50 लाख रुपये की लागत से दुर्गा मंदिर परिसर में छत और कांक्रीट कार्य, वार्ड 61 खम्हरिया में 5 लाख रुपये से सांस्कृतिक मंच निर्माण, वार्ड 63 कुसमुण्डा प्रोजेक्ट एमएस में 1.81 लाख रुपये से बालक-बालिका शौचालय निर्माण तथा 8.07 लाख रुपये से वालबाड़ी के अतिरिक्त कक्ष का निर्माण शामिल है। इसके अलावा वार्ड 64 इमलीछापर परसाभांठा में 5 लाख रुपये की लागत से मंच निर्माण तथा वार्ड 65 आनंदनगर में नवधा पंडाल के पास 8 लाख रुपये से मंच एवं शेड का निर्माण कराया जाएगा। कार्यक्रम में वरिष्ठ पार्षद नरेन्द्र देवांगन, प्रेम साहू, बहत्तर सिंह कंवर, रामाधार पटेल, जनक सिंह राजपूत, जिला उपाध्यक्ष प्रफुल्ल तिवारी, मंडल अध्यक्ष मनीष मिश्रा, एल्डरमेन, भाजपा पदाधिकारी, नगर निगम के अधिकारी-कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे।
छत्तीसगढ़ तेजी से विकास की ओर बढ़ रहा : लखनलाल देवांगन
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए उद्योग मंत्री लखनलाल देवांगन ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन और मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में छत्तीसगढ़ तेजी से विकास के पथ पर आगे बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि राज्य में उद्योग, रोजगार और आधारभूत सुविधाओं का विस्तार हो रहा है तथा केंद्र और राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि पिछले ढाई वर्षों में राज्य सरकार ने विकास कार्यों को नई गति दी है और प्रदेश नई ऊर्जा के साथ आगे बढ़ रहा है।
विकास कार्यों के लिए धन की कमी नहीं : महापौर
महापौर संजूदेवी राजपूत ने कहा कि नगर निगम क्षेत्र के सभी 67 वार्डों में लगातार विकास कार्य कराए जा रहे हैं और विकास कार्यों के लिए धनराशि की कोई कमी नहीं है। उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय, उपमुख्यमंत्री अरुण साव और उद्योग मंत्री लखनलाल देवांगन के सहयोग से पिछले ढाई वर्षों में निगम क्षेत्र के लिए लगभग एक हजार करोड़ रुपये के विकास कार्य स्वीकृत कराए जा चुके हैं। उन्होंने कहा कि जनता ने जो विश्वास जताया है, उस पर खरा उतरते हुए सभी वार्डों में मूलभूत सुविधाओं का विस्तार प्राथमिकता के साथ किया जा रहा है।
कोरबा तेजी से बदल रहा : नूतन सिंह ठाकुर
नगर निगम सभापति नूतन सिंह ठाकुर ने कहा कि मंत्री लखनलाल देवांगन और महापौर संजूदेवी राजपूत के नेतृत्व में कोरबा लगातार विकास के नए आयाम स्थापित कर रहा है। उन्होंने कहा कि निगम के सभी वार्डों में बिना किसी राजनीतिक भेदभाव के जनता की आवश्यकता के अनुरूप विकास कार्य कराए जा रहे हैं।
शाला प्रवेशोत्सव में उद्योग मंत्री लखनलाल देवांगन ने किया विद्यार्थियों का आत्मीय स्वागत

