डुमरडीह जंगल के पास हुआ हादसा, टक्कर के बाद दूर तक घिसटती रही स्कूटी; नशे में कार चला रहे लोगों पर ग्रामीणों का आरोप
कोरबा (AkhandBharatHNKP.Com)। जिले के रजगामार थाना क्षेत्र अंतर्गत डुमरडीह जंगल के पास शनिवार दोपहर एक भीषण सड़क हादसे में पिता और छह वर्षीय बेटे की मौत हो गई, जबकि मां गंभीर रूप से घायल हो गई। हादसे के बाद पूरे क्षेत्र में शोक और आक्रोश का माहौल है। ग्रामीणों ने कार सवारों पर नशे की हालत में वाहन चलाने का आरोप लगाया है।
जानकारी के अनुसार ग्राम मौहार निवासी चैतराम राठिया अपनी पत्नी सुमित्रा राठिया और छह वर्षीय बेटे दिशांत राठिया के साथ स्कूटी से अपने घर लौट रहे थे। दोपहर करीब तीन बजे डुमरडीह जंगल के पास पीछे से तेज रफ्तार में आ रही एक कार ने उनकी स्कूटी को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि स्कूटी सड़क पर काफी दूर तक घिसटती चली गई। हादसे में मासूम दिशांत राठिया की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि चैतराम और उनकी पत्नी सुमित्रा गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद स्थानीय लोगों ने तत्काल तीनों को जिला अस्पताल पहुंचाया। इलाज के दौरान चैतराम राठिया ने भी दम तोड़ दिया। वहीं गंभीर रूप से घायल सुमित्रा राठिया का अस्पताल के आईसीयू में उपचार जारी है। चिकित्सकों के अनुसार उनकी हालत नाजुक बनी हुई है।
हादसे के बाद कार छोड़ भाग निकले आरोपी
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक हादसे के बाद कार सवार कुछ देर तक मौके पर रुके, लेकिन बाद में वहां से फरार हो गए। ग्रामीणों का आरोप है कि कार में सवार लोग नशे की हालत में थे और तेज रफ्तार से वाहन चला रहे थे, जिसके कारण यह दर्दनाक हादसा हुआ। सूचना मिलते ही रजगामार पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है तथा फरार कार चालक और अन्य आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है। मामले की जांच जारी है।
ग्रामीणों में आक्रोश
घटना के बाद क्षेत्र के लोगों में भारी नाराजगी है। ग्रामीणों का कहना है कि इस मार्ग पर तेज रफ्तार और नशे में वाहन चलाने की घटनाएं लगातार सामने आती रहती हैं, लेकिन प्रभावी कार्रवाई नहीं होने से ऐसे हादसे बार-बार हो रहे हैं। लोगों ने प्रशासन से दोषियों की जल्द गिरफ्तारी और सड़क सुरक्षा के लिए कड़े कदम उठाने की मांग की है।
कटघोरा में भालूमोड़ के पास भीषण सड़क हादसा, दो ट्रेलरों की आमने-सामने भिड़ंत, एक की मौत

