कोरबा-बिलासपुर यात्री बस में अचानक लगी आग, मची अफरा-तफरी, चालक की सतर्कता से टला बड़ा हादसा

      Date:

          कोरबा (AkhandBharatHNKP.Com)। कटघोरा तहसील चौक के पास बुधवार को एक बड़ा हादसा टल गया। कोरबा से बिलासपुर जा रही यादव ट्रेवल्स की चलती यात्री बस के गियर बॉक्स में अचानक आग लग गई। देखते ही देखते बस के केबिन में धुआं भरने लगा, जिससे यात्रियों में अफरा-तफरी मच गई। स्थिति को भांपते हुए चालक ने तत्काल बस को सड़क किनारे रोका और सभी यात्रियों को सुरक्षित नीचे उतार दिया। बस में करीब 20 से 25 यात्री सवार थे। घटना में किसी के घायल होने या जनहानि की सूचना नहीं है।

          जानकारी के अनुसार यादव ट्रेवल्स की बस कोरबा से बिलासपुर के लिए रवाना हुई थी। कटघोरा तहसील चौक के पास पहुंचते ही बस के गियर बॉक्स से अचानक धुआं निकलने लगा। कुछ ही देर में धुआं केबिन तक पहुंच गया। धुएं की गंध महसूस होते ही यात्रियों में घबराहट फैल गई और बस के अंदर चीख-पुकार मच गई। स्थिति की गंभीरता को समझते हुए चालक ने बिना देर किए बस को सड़क किनारे खड़ा किया और यात्रियों को तत्काल नीचे उतरने के लिए कहा। इसके बाद सभी यात्री सुरक्षित बाहर निकल आए। गनीमत रही कि आग बस के गियर बॉक्स तक ही सीमित रही और पूरे वाहन को अपनी चपेट में नहीं ले सकी।

          करीब 15 मिनट तक सुलगता रहा गियर बॉक्स

          प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, बस का गियर बॉक्स करीब 15 मिनट तक सुलगता रहा। बाद में स्थानीय लोगों, चालक और परिचालक ने पानी डालकर आग पर काबू पाया। घटना के दौरान मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई। इसके चलते कुछ समय के लिए सड़क पर वाहनों की आवाजाही भी प्रभावित हुई और गाड़ियों की कतार लग गई। घटना के बाद सभी यात्रियों को दूसरी बस की व्यवस्था कर बिलासपुर के लिए रवाना किया गया। प्रारंभिक तौर पर बस में तकनीकी खराबी के कारण गियर बॉक्स में आग लगने की आशंका जताई जा रही है। हालांकि, आग लगने की वास्तविक वजह की पुष्टि नहीं हुई है। राहत की बात यह रही कि चालक की सतर्कता से बस में सवार सभी यात्री सुरक्षित बच गए।

          स्लीपर बस में लगी आग, 10 यात्री जिंदा जले

              Share post:

              Popular

              More like this
              Related

              नोटिस का जवाब नहीं देने पर पटवारी निलंबित, विभागीय जांच शुरू

              एमसीबी (AkhandBharatHNKP.Com)। तहसील खड़गवां में पदस्थ पटवारी चन्द्र विजय...