सरगुजा (AkhandBharatHNKP.Com)। जिले के सीतापुर थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम काराबेल में एक दर्दनाक हादसे में दो ग्रामीणों की पानी में डूबने से मौत हो गई। दोनों के शव मंगलवार सुबह गांव के मुड़ापारा स्थित पानी से भरे एक गहरे कुएंनुमा गड्ढे में तैरते मिले। घटना की जानकारी मिलते ही गांव में शोक का माहौल बन गया। प्रारंभिक आशंका जताई जा रही है कि दोनों ग्रामीण रात के अंधेरे में गड्ढे में गिर गए होंगे।
जानकारी के अनुसार, ग्राम काराबेल निवासी अशोक बखला (45 वर्ष) और कमल तिर्की (55 वर्ष) सोमवार शाम घर से निकले थे। बताया जा रहा है कि दोनों गांव में घूमते हुए शराब पी रहे थे। ग्रामीणों ने उन्हें रात के समय मुड़ापारा क्षेत्र में एक साथ देखा था। इसके बाद दोनों अपने घर वापस नहीं पहुंचे। मंगलवार सुबह ग्रामीणों ने मुड़ापारा स्थित कुएंनुमा गहरे गड्ढे में भरे पानी में दोनों के शव तैरते देखे। इसके बाद तत्काल सीतापुर पुलिस को सूचना दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और ग्रामीणों की मदद से दोनों शवों को गड्ढे से बाहर निकलवाया। पुलिस ने पंचनामा कार्रवाई पूरी करने के बाद दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
बारिश के कारण गड्ढे में भरा था पानी
बताया जा रहा है कि बारिश के कारण गड्ढे में काफी पानी भर गया था। वर्तमान में भी इसमें करीब आठ फीट पानी मौजूद है। आशंका है कि रात के अंधेरे में रास्ते से गुजरते समय दोनों का संतुलन बिगड़ा और वे पानी से भरे गड्ढे में गिर गए। हालांकि, हादसा किन परिस्थितियों में हुआ, इसकी वास्तविक जानकारी जांच के बाद ही सामने आएगी। घटना की जानकारी मिलने पर स्थानीय जनप्रतिनिधि भी मौके पर पहुंचे। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। फिलहाल दोनों ग्रामीणों की मौत को हादसा माना जा रहा है। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए घटना की परिस्थितियों की जांच कर रही है।
तालाब में नहाने के दौरान तीन सहेलियों की डूबने से मौत, गांव में पसरा मातम

