सड़क हादसे में रीढ़ की हड्डी में लगी थी गंभीर चोट, बेहतर उपचार के लिए एम्स भेजा गया
धमतरी (AkhandBharatHNKP.Com)। करीब 10 वर्षों से बिस्तर पर जिंदगी गुजार रहे धमतरी जिले के नगरी वनांचल निवासी शशिकांत भरत के लिए अब इलाज की नई उम्मीद जगी है। उनकी परेशानी की जानकारी मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय तक पहुंचने के बाद उन्होंने स्वयं शशिकांत से फोन पर बात की और बेहतर उपचार का भरोसा दिलाया। मुख्यमंत्री की पहल के बाद जिला प्रशासन ने शशिकांत को बेहतर इलाज के लिए एम्स भेजा है।
शशिकांत करीब 10 साल पहले सड़क हादसे का शिकार हुए थे। हादसे में उनकी रीढ़ की हड्डी में गंभीर चोट आई, जिसके बाद वह लकवाग्रस्त हो गए। इसके बाद से वह लंबे समय से बिस्तर पर ही जीवन बिताने को मजबूर हैं। लगातार उपचार की आवश्यकता के बावजूद आर्थिक और अन्य परेशानियों के कारण उन्हें बेहतर इलाज नहीं मिल पा रहा था। इलाज की उम्मीद में शशिकांत ने मुख्यमंत्री से मदद की गुहार लगाई थी। मामला मुख्यमंत्री तक पहुंचने के बाद उन्होंने तत्काल पहल करते हुए शशिकांत से फोन पर बातचीत की।
मुख्यमंत्री ने दिया बेहतर इलाज का भरोसा
मुख्यमंत्री ने शशिकांत से बातचीत के दौरान उन्हें बेहतर उपचार दिलाने का भरोसा दिया। इसके बाद जिला प्रशासन ने उनके उपचार की जिम्मेदारी लेते हुए उन्हें बेहतर चिकित्सा सुविधा के लिए एम्स भेजा। फिलहाल शशिकांत को एम्स में उपचार के लिए भर्ती कराया गया है। मुख्यमंत्री की ओर से शशिकांत को 4 लाख रुपये की आर्थिक सहायता भी उपलब्ध कराई गई है। इससे लंबे समय से उपचार के लिए संघर्ष कर रहे शशिकांत और उनके परिवार को बड़ी राहत मिली है।
वीडियो जारी कर जताया आभार
इलाज की नई उम्मीद मिलने के बाद शशिकांत ने वीडियो जारी कर मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय और जिला प्रशासन के प्रति आभार जताया। उन्होंने मुख्यमंत्री की पहल और प्रशासन की मदद के लिए धन्यवाद दिया।

