राज्य निर्माण के बाद पहली बार नगर तथा ग्राम निवेश विभाग में एक साथ 21 सहायक संचालकों की नियुक्ति, मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने 21 नवचयनित सहायक संचालकों को सौंपे नियुक्ति पत्र
रायपुर (AkhandBharatHNKP.Com)। छत्तीसगढ़ में तेजी से बढ़ते शहरीकरण को सुनियोजित दिशा देने के लिए राज्य सरकार ने नगर तथा ग्राम निवेश विभाग को नई ताकत दी है। राज्य गठन के बाद पहली बार विभाग में एक साथ 21 सहायक संचालकों (योजना) की नियुक्ति की गई है। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने मंत्रालय महानदी भवन में आयोजित कार्यक्रम में नवचयनित अधिकारियों को नियुक्ति पत्र सौंपे।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने कहा कि शहरों का विकास केवल वर्तमान जरूरतों को ध्यान में रखकर नहीं, बल्कि आने वाली पीढ़ियों की आवश्यकताओं के अनुरूप किया जाना चाहिए। भविष्य के छत्तीसगढ़ के शहरों और कस्बों को बेहतर स्वरूप देने की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी अब युवा टाउन प्लानरों के कंधों पर है। मुख्यमंत्री ने नवचयनित अधिकारियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि एक साथ 21 अधिकारियों की नियुक्ति से विभाग की कार्यक्षमता बढ़ेगी और प्रदेश में तेजी से हो रहे शहरीकरण को वैज्ञानिक एवं सुनियोजित दिशा देने में मदद मिलेगी। उन्होंने अधिकारियों के माता-पिता और परिजनों को भी बधाई दी।

मुख्यमंत्री साय ने कहा कि छत्तीसगढ़ के गठन को 25 वर्ष पूरे हो चुके हैं। इस अवधि में नगर तथा ग्राम निवेश विभाग में कुल 17 सहायक संचालकों की नियुक्ति हुई थी, जबकि इस बार एक साथ 21 युवा अधिकारियों को जिम्मेदारी दी गई है। इससे सरकार की भविष्य की जरूरतों के अनुरूप विभागों को पर्याप्त मानव संसाधन और विशेषज्ञता से मजबूत करने की प्रतिबद्धता स्पष्ट होती है। उन्होंने कहा कि गांवों से शहरों की ओर आबादी का विस्तार होने के साथ नगरों की सीमाएं बढ़ रही हैं। प्रमुख सड़कों और शहरों के आसपास नई बसाहटें विकसित हो रही हैं। ऐसे में आवासीय क्षेत्र, बाजार, सड़क, परिवहन, सार्वजनिक स्थल, जल निकासी और अन्य नागरिक सुविधाओं के लिए दीर्घकालीन योजना जरूरी है। मुख्यमंत्री ने कहा कि टाउन प्लानिंग केवल नक्शा बनाने या भूमि उपयोग तय करने तक सीमित नहीं है। इसका सीधा संबंध नागरिकों के जीवन की गुणवत्ता और शहरों के भविष्य से है। बेहतर नियोजन से शहर व्यवस्थित होते हैं और अनियोजित विस्तार से पैदा होने वाली समस्याओं को पहले ही रोका जा सकता है।
जनहित और पारदर्शिता को दें सर्वोच्च प्राथमिकता
मुख्यमंत्री ने नवचयनित अधिकारियों से कहा कि शासकीय सेवा जनता की सेवा का महत्वपूर्ण माध्यम है। अधिकारियों का प्रत्येक निर्णय किसी न किसी रूप में आम नागरिक के जीवन को प्रभावित करता है। इसलिए अपने दायित्वों का निर्वहन पूरी ईमानदारी, निष्ठा, संवेदनशीलता और पारदर्शिता के साथ करें। उन्होंने अधिकारियों से अपनी तकनीकी शिक्षा, आधुनिक ज्ञान और नवाचार का उपयोग प्रदेश के बेहतर नियोजन में करने का आह्वान किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि आम नागरिक को अपने छोटे से छोटे काम के लिए अनावश्यक परेशानी नहीं उठानी पड़े, यह सुनिश्चित करना अधिकारियों की जिम्मेदारी है।
ढाई साल में 15 हजार से अधिक युवाओं को सरकारी नौकरी
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार युवाओं को रोजगार के अधिक से अधिक अवसर उपलब्ध कराने के लिए लगातार काम कर रही है। पिछले ढाई वर्षों में विभिन्न विभागों में 15 हजार से अधिक युवाओं को सरकारी नियुक्तियां दी गई हैं। पुलिस विभाग में 7 हजार से अधिक और शिक्षा विभाग में 3 हजार से अधिक पदों पर भर्ती की प्रक्रिया आगे बढ़ाई गई है। बिजली विभाग में भी 1200 से अधिक नियुक्तियां हुई हैं। उन्होंने कहा कि युवाओं के लिए रोजगार के अवसर केवल सरकारी नौकरियों तक सीमित नहीं हैं। नई औद्योगिक विकास नीति में रोजगार सृजन को प्राथमिकता दी गई है। उद्योगों, रोजगार मेलों, स्वरोजगार और उद्यमिता के माध्यम से भी युवाओं के लिए नए अवसर तैयार किए जा रहे हैं।
पारदर्शी भर्ती से मिली नियुक्ति, जनता तक पहुंचाएं वही व्यवस्था : चौधरी
वित्त तथा आवास एवं पर्यावरण मंत्री ओ.पी. चौधरी ने नवचयनित अधिकारियों को बधाई देते हुए कहा कि विकसित छत्तीसगढ़ के निर्माण में सुनियोजित शहरीकरण की भूमिका महत्वपूर्ण है। उन्होंने कहा कि भविष्य की जरूरतों को ध्यान में रखते हुए आधुनिक और वैज्ञानिक नगर नियोजन समय की आवश्यकता है। उन्होंने बताया कि पहले विभाग में एक बार में तीन-चार सहायक संचालकों की नियुक्ति होती थी, लेकिन इस बार एक साथ 21 अधिकारियों की नियुक्ति हुई है। इससे विभाग की कार्यक्षमता बढ़ेगी और सुनियोजित शहरी विकास को गति मिलेगी। चौधरी ने कहा कि अधिकारियों की भर्ती पूरी पारदर्शिता और निष्पक्षता के साथ हुई है। अब उनकी जिम्मेदारी है कि वे इसी पारदर्शिता और ईमानदारी को अपनी कार्यशैली का आधार बनाएं। कार्यालय में आने वाले नागरिकों को सरल, संवेदनशील और पारदर्शी व्यवस्था का अनुभव होना चाहिए।
नई पीढ़ी की ऊर्जा से विकास को मिलेगी गति : केदार कश्यप
वन मंत्री केदार कश्यप ने भी नवचयनित अधिकारियों और उनके परिजनों को बधाई दी। उन्होंने कहा कि नई पीढ़ी के अधिकारियों का ज्ञान, ऊर्जा और आधुनिक दृष्टिकोण नगर तथा ग्राम निवेश विभाग की कार्यक्षमता बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। उन्होंने विश्वास जताया कि सभी अधिकारी पूरी प्रतिबद्धता के साथ अपनी जिम्मेदारियां निभाते हुए विकसित छत्तीसगढ़ के निर्माण में सहभागी बनेंगे। कार्यक्रम में विभागीय सचिव अंकित आनंद, आयुक्त अवनीश शरण सहित विभाग के वरिष्ठ अधिकारी, नवचयनित सहायक संचालक और उनके परिजन उपस्थित रहे।
मल्टीट्रैकिंग रेल परियोजनाओं से मजबूत होगा छत्तीसगढ़ का रेल नेटवर्क : मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय

