मुख्यमंत्री साय बोले- भारतीय संस्कृति, संत परंपरा और आध्यात्मिक मूल्यों को नई पीढ़ी तक पहुंचाने का सशक्त माध्यम है सिनेमा
रायपुर (AkhandBharatHNKP.Com)। राजधानी रायपुर के जोरा मॉल स्थित सिनेमाघर में गुरुवार को राज्यपाल रमेन डेका, मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय और विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह ने सपरिवार फिल्म ‘हनुमान अंश’ देखी। इस अवसर पर मंत्रिपरिषद के सदस्य और विभिन्न निगम-मंडल-आयोगों के अध्यक्ष भी मौजूद रहे।

फिल्म देखने के बाद मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने ‘हनुमान अंश’ को छत्तीसगढ़ में करमुक्त करने की घोषणा की। मुख्यमंत्री ने कहा कि भारतीय संस्कृति, आध्यात्मिक विरासत और संत परंपरा से समाज को परिचित कराने वाली प्रेरणादायी फिल्मों को अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचना चाहिए। फिल्म के करमुक्त होने से प्रदेश के दर्शकों, विशेषकर युवाओं को भारत की समृद्ध संत परंपरा और उसके जीवन मूल्यों को करीब से जानने का अवसर मिलेगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि भारत की संत परंपरा ने सदैव समाज को सत्य, सेवा, करुणा, प्रेम और आध्यात्मिकता का मार्ग दिखाया है। संतों ने अपने जीवन और आचरण के माध्यम से मानवता तथा लोककल्याण का संदेश दिया है। उन्होंने कहा कि नीम करौली बाबा का जीवन भी इसी महान संत परंपरा का प्रेरणादायी उदाहरण है। उनका जीवन यह संदेश देता है कि मानव सेवा ही ईश्वर की सच्ची सेवा है। सरल जीवन और सहज व्यवहार के माध्यम से उन्होंने प्रेम, सेवा और भक्ति का संदेश समाज तक पहुंचाया। इस अवसर पर मंत्रिपरिषद के सदस्य, विभिन्न निगम-मंडल-आयोगों के अध्यक्ष और अन्य गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
नई पीढ़ी को संस्कारों से जोडऩे का माध्यम है सिनेमा
मुख्यमंत्री ने फिल्म के निर्माता, निर्देशक, कलाकारों और पूरी टीम के प्रयासों की सराहना की। उन्होंने कहा कि सिनेमा केवल मनोरंजन का साधन नहीं है, बल्कि समाज तक विचार, संस्कार और प्रेरणा पहुंचाने का प्रभावी माध्यम भी है। भारतीय संस्कृति, आध्यात्मिक विरासत और संत परंपरा पर आधारित सकारात्मक फिल्में नई पीढ़ी को अपनी जड़ों, परंपराओं और मानवीय मूल्यों से जोडऩे में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकती हैं। उन्होंने कहा कि भारत की सांस्कृतिक शक्ति हजारों वर्षों पुरानी परंपराओं और जीवन मूल्यों में निहित है। सेवा, करुणा, सद्भाव और मानव कल्याण जैसे मूल्यों को आगे बढ़ाना समाज की सामूहिक जिम्मेदारी है।
नीम करौली बाबा के जीवन पर आधारित है फिल्म
उल्लेखनीय है कि ‘हनुमान अंश’ फिल्म नीम करौली बाबा के जीवन, उनकी आध्यात्मिक यात्रा तथा सेवा और भक्ति के संदेश पर आधारित है। मुख्यमंत्री ने कहा कि ऐसे प्रेरणादायी प्रयास समाज में सकारात्मक विचारों को बढ़ावा देने के साथ युवाओं को अपनी सांस्कृतिक विरासत से जोडऩे में मदद करते हैं।
जोखिमपूर्ण भवनो की जांच में होगी लापरवाही तो तय होगी जवाबदेही : मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय

