बचेली कैंप में हुआ हादसा, एके-47 की सफाई के दौरान चली गोली, एफएसएल और पोस्टमार्टम रिपोर्ट से साफ होगी घटना की वजह
दंतेवाड़ा (AkhandBharatHNKP.Com)। छत्तीसगढ़ के दंतेवाड़ा जिले के बचेली स्थित सीआईएसएफ कैंप में राइफल की सफाई के दौरान अचानक दो गोलियां चलने से दर्दनाक हादसा हो गया। गोली लगने से सीआईएसएफ के प्रधान आरक्षक दत्तात्राया (50) गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें तत्काल अपोलो अस्पताल बचेली ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया। प्रधान आरक्षक दत्तात्राया बचेली सीआईएसएफ कैंप में पदस्थ थे। वे महाराष्ट्र के अहिल्यानगर के रहने वाले बताए गए हैं। घटना बचेली थाना क्षेत्र की है।
पुलिस के मुताबिक, बचेली सीआईएसएफ कैंप के 10-11 ए कैंप स्थित पोटाकेबिन क्रमांक-3 में प्रधान आरक्षक अपनी एके-47 राइफल, बट नंबर 405 की सफाई कर रहे थे। इसी दौरान अचानक राइफल से दो राउंड फायर हो गए। फायरिंग की चपेट में आने से प्रधान आरक्षक गंभीर रूप से घायल हो गए। अचानक हुई गोलीबारी से कैंप में मौजूद जवानों के बीच हड़कंप मच गया। साथी जवानों ने तत्काल उन्हें अस्पताल पहुंचाने की व्यवस्था की।
अस्पताल पहुंचने से पहले बिगड़ी हालत
घायल जवान को तत्काल अपोलो अस्पताल, बचेली ले जाया गया। चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। घटना की जानकारी मिलने के बाद उनके परिजन भी बचेली पहुंचे। फिलहाल जवान के शव को एनएमडीसी बचेली की मर्च्यूरी में रखा गया है। कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए दंतेवाड़ा जिला अस्पताल भेजा गया।
एफएसएल जांच से खुलेगा घटना का राज
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस अधिकारियों ने सीआईएसएफ कैंप पहुंचकर घटनास्थल का निरीक्षण किया और जरूरी जानकारी जुटाई। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि राइफल से अचानक दो गोलियां किन परिस्थितियों में चलीं। एफएसएल की जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही मौत की परिस्थितियों को लेकर स्थिति और स्पष्ट हो सकेगी। फिलहाल पुलिस मामले के सभी पहलुओं की जांच कर रही है।

