माउंट आबू में राष्ट्रीय मीडिया महासम्मेलन, कोरबा के पत्रकारों ने किया छत्तीसगढ़ का प्रतिनिधित्व

      Date:

      • देशभर के 2500 से अधिक मीडियाकर्मियों ने लिया हिस्सा, सकारात्मक और जिम्मेदार पत्रकारिता पर हुआ मंथन

      कोरबा (AkhandBharatHNKP.Com)। राजस्थान के माउंट आबू स्थित ब्रह्माकुमारीज संस्थान के मानसरोवर परिसर में ‘श्रेष्ठ विश्व के निर्माण हेतु सशक्त मीडिया विषय पर राष्ट्रीय मीडिया महासम्मेलन का आयोजन किया गया। 9 सितंबर से शुरू हुए इस महासम्मेलन में देशभर से प्रिंट, इलेक्ट्रॉनिक, रेडियो, वेब और सामाजिक माध्यमों से जुड़े 2500 से अधिक मीडियाकर्मियों ने सहभागिता की।

          महासम्मेलन में छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले से वरिष्ठ पत्रकार रामेश्वर ठाकुर, राजेश कुमार मिश्रा, दीपक साहू एवं विकास निर्मलकर (विक्की) ने सहभागिता करते हुए प्रदेश का प्रतिनिधित्व किया। इस दौरान विभिन्न राज्यों से पहुंचे पत्रकारों और मीडिया प्रतिनिधियों के साथ पत्रकारिता के बदलते स्वरूप, चुनौतियों और सामाजिक भूमिका को लेकर विचारों का आदान-प्रदान हुआ। महासम्मेलन में मीडिया की सामाजिक जिम्मेदारी, सकारात्मक पत्रकारिता, राष्ट्र निर्माण में मीडिया की भूमिका तथा श्रेष्ठ समाज के निर्माण में पत्रकारिता के योगदान जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा हुई। वक्ताओं ने कहा कि मीडिया समाज को दिशा देने और लोगों में सकारात्मक सोच विकसित करने का प्रभावी माध्यम है। इसलिए पत्रकारिता में तथ्यपरकता, निष्पक्षता और सामाजिक सरोकारों को प्राथमिकता देना आवश्यक है।

          पत्रकारों ने साझा किए अनुभव

          सम्मेलन का उद्देश्य मीडिया जगत से जुड़े लोगों को सकारात्मक, सशक्त और समाजहितकारी पत्रकारिता के लिए प्रेरित करना रहा। विभिन्न क्षेत्रों से आए पत्रकारों ने अपने अनुभव साझा किए और मीडिया के माध्यम से समाज में सकारात्मक बदलाव लाने की संभावनाओं पर विचार रखे। कोरबा से पत्रकारों की इस राष्ट्रीय स्तर के महासम्मेलन में सहभागिता को जिले के मीडिया जगत के लिए महत्वपूर्ण माना जा रहा है। सम्मेलन के माध्यम से उन्हें देशभर के मीडिया प्रतिनिधियों के साथ संवाद करने और पत्रकारिता के क्षेत्र में अपने अनुभव साझा करने का अवसर मिला।

              Share post:

              Popular

              More like this
              Related