कोरबा (AkhandBharatHNKP.Com)। जिले में लगातार बढ़ रही आपराधिक घटनाओं को लेकर कोरबा लोकसभा क्षेत्र की सांसद ज्योत्सना चरणदास महंत ने चिंता जताई है। उन्होंने छत्तीसगढ़ के उपमुख्यमंत्री एवं गृहमंत्री विजय शर्मा को पत्र लिखकर जिले के विभिन्न क्षेत्रों में नई पुलिस चौकियां स्थापित करने की मांग की है।

सांसद ने अपने पत्र में उल्लेख किया है कि कोरबा जिले में चोरी, डकैती, हत्या, लूटपाट, आगजनी, डीजल चोरी तथा कोयला चोरी जैसी घटनाओं में लगातार वृद्धि हो रही है। इन घटनाओं के कारण आम नागरिकों के बीच भय और असुरक्षा का वातावरण बन रहा है। उन्होंने कहा कि जिले में कानून व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने तथा अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण के लिए नई पुलिस चौकियों की स्थापना आवश्यक हो गई है। इस संबंध में उन्होंने ग्राम छुरी, कोरबी (चतुरा), पिपरिया (पसान) तथा पाली-पोड़ी क्षेत्र में नई पुलिस चौकियां खोलने की स्वीकृति प्रदान करने का अनुरोध किया है। सांसद ने अपने पत्र की प्रतिलिपि राज्य के पुलिस महानिदेशक तथा कोरबा पुलिस अधीक्षक को भी आवश्यक कार्रवाई के लिए प्रेषित की है।

