गांव की पगडंडियों से राष्ट्रपति भवन तक पहुंचे सुकमा के चार आदिवासी विद्यार्थी, NIFT में चयन से बढ़ाया जिले का मान

      Date:

      • किसान और सामान्य परिवारों के बच्चों ने हासिल की बड़ी उपलब्धि, राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू से मुलाकात कर साझा किए अपने अनुभव

      • तीन छात्राओं को रायपुर और एक छात्र को भोपाल में मिला प्रवेश, जनजातीय गौरव दिवस सप्ताह के दौरान राष्ट्रपति भवन में विशेष कार्यक्रम में हुए शामिल

      सुकमा (AkhandBharatHNKP.Com)। जंगल, पहाड़ और दुर्गम रास्तों के बीच बसे सुकमा जिले के छोटे-छोटे गांवों से निकलकर चार आदिवासी विद्यार्थियों ने देश की राजधानी दिल्ली स्थित राष्ट्रपति भवन तक का गौरवपूर्ण सफर तय किया है। किसान और सामान्य परिवारों से आने वाले इन विद्यार्थियों ने अपनी मेहनत, लगन और प्रतिभा के दम पर राष्ट्रीय स्तर पर जिले की पहचान बनाई है। एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालय (ईएमआरएस), सुकमा के इन चार विद्यार्थियों का प्रतिष्ठित राष्ट्रीय फैशन प्रौद्योगिकी संस्थान (निफ्ट) में चयन हुआ है।

          जनजातीय गौरव दिवस सप्ताह के अवसर पर 12 नवंबर 2026 को चारों विद्यार्थियों को नई दिल्ली स्थित राष्ट्रपति भवन में आयोजित विशेष कार्यक्रम में शामिल होने का अवसर मिला। यहां उन्होंने राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू से मुलाकात की और उनसे संवाद किया। सुदूर आदिवासी अंचल से आने वाले इन बच्चों के लिए यह पल बेहद खास रहा। इसके साथ ही उन्होंने केंद्रीय जनजातीय कार्य मंत्री जुएल ओराम और राष्ट्रीय आदिवासी छात्र शिक्षा समिति (एनईएसटीएस) की आयुक्त डॉ. प्रतिमा से भी मुलाकात की। इस दौरान विद्यार्थियों ने अपने अनुभव साझा किए और शिक्षा तथा भविष्य की संभावनाओं को लेकर मार्गदर्शन प्राप्त किया। निफ्ट 2026 की प्रवेश प्रक्रिया में सफलता हासिल करने वाले विद्यार्थियों में आशा रावा निवासी मोटेगुड़ा, केरलापाल, ममता निवासी पोंदूम, सुकमा, अनीता बघेल निवासी पाकेला और लक्ष्मण बारसे निवासी रेड़ीपाल, कंजपानी शामिल हैं। इनमें तीन छात्राओं आशा, ममता और अनीता को रायपुर स्थित संस्थान में प्रवेश मिला है, जबकि लक्ष्मण बारसे ने भोपाल में प्रवेश प्राप्त किया है।

          शिक्षकों और प्रशासन के सामूहिक प्रयास से मिली सफलता

          विद्यार्थियों की इस उपलब्धि के पीछे जिला प्रशासन, विद्यालय प्रबंधन, शिक्षकों और अभिभावकों का महत्वपूर्ण योगदान रहा। कलेक्टर अमित कुमार के प्रोत्साहन और सहायक आयुक्त हेमंत कुमार सिन्हा के सहयोग से बच्चों को आगे बढ़ने के अवसर मिले। वहीं विद्यालय के प्राचार्य राजीव कुमार सहित शिक्षक-शिक्षिकाओं ने लगातार मार्गदर्शन देकर उनकी प्रतिभा को निखारने में अहम भूमिका निभाई। सीमित संसाधनों के बावजूद अभिभावकों ने भी बच्चों की शिक्षा और उनके सपनों को प्राथमिकता दी।

          दूसरे विद्यार्थियों के लिए बने प्रेरणा

          सुकमा के इन चार विद्यार्थियों की सफलता ने साबित कर दिया है कि प्रतिभा किसी बड़े शहर या आर्थिक संपन्नता की मोहताज नहीं होती। उचित मार्गदर्शन, शिक्षा के अवसर और मेहनत के बल पर दूरस्थ वनांचल के बच्चे भी राष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बना सकते हैं। राष्ट्रपति भवन तक पहुंचकर जिले का प्रतिनिधित्व करने वाले इन विद्यार्थियों की उपलब्धि अब क्षेत्र के दूसरे आदिवासी और ग्रामीण बच्चों के लिए प्रेरणा बनेगी।

          राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू का राज्यपाल व मुख्यमंत्री ने किया आत्मीय स्वागत

              Share post:

              Popular

              More like this
              Related