धान खरीदी में रकबा कम होने की शिकायतों की कलेक्टर स्वयं करें जांच : मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय

      Date:

      • पारस पोर्टल की समीक्षा बैठक में योजनाओं और विकास कार्यों में तेजी लाने के निर्देश, जल जीवन मिशन व अमृत 2.0 के कार्य समय-सीमा में पूरे करने पर जोर

      रायपुर (AkhandBharatHNKP.Com)। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने प्रदेश में संचालित प्रमुख शासकीय योजनाओं, विकास परियोजनाओं और नागरिक सेवाओं के क्रियान्वयन में तेजी लाने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि धान खरीदी के दौरान किसानों के रकबे में कमी संबंधी शिकायतों को गंभीरता से लिया जाए। ऐसी शिकायत मिलने पर कलेक्टर स्वयं जांच कर त्वरित निराकरण सुनिश्चित करें, ताकि किसानों को धान बेचने में किसी तरह की परेशानी न हो।

          मुख्यमंत्री साय की अध्यक्षता में बुधवार को मंत्रालय महानदी भवन में पारस पोर्टल की तीसरी समीक्षा बैठक आयोजित हुई। बैठक में उन्होंने विभिन्न योजनाओं और विकास कार्यों की प्रगति की समीक्षा की। साथ ही पिछली बैठक में दिए गए निर्देशों के पालन की जानकारी लेकर अधिकारियों को निर्धारित समय-सीमा में गुणवत्तापूर्ण कार्य पूरा करने के निर्देश दिए। मुख्यमंत्री ने खाद्य विभाग के अंतर्गत सिटी गैस वितरण योजना की समीक्षा करते हुए घरों तक पाइपलाइन के माध्यम से गैस पहुंचाने के कार्यों में तेजी लाने को कहा। उन्होंने बताया कि रायपुर और बिलासपुर सहित कई जिलों में इस दिशा में अच्छा काम हो रहा है, जबकि कुछ जिलों में अपेक्षित प्रगति नहीं हुई है। ऐसे जिलों के कलेक्टरों को योजना के क्रियान्वयन में विशेष रुचि लेकर कार्यों को गंभीरता से आगे बढ़ाने के निर्देश दिए गए।

          https://dprcg.gov.in/post/1795617289/रायपुर-पारस-पोर्टल-की-तृतीय-समीक्षा-बैठक-मुख्यमंत्री-श्री-विष्णु-देव-साय-ने-प्रमुख-योजनाओं-एवं-विकास-परियोजनाओं-के-क्रियान्वयन-में-तेजी-लाने-के-दिए-निर्देश

          मुख्यमंत्री ने कहा कि एलपीजी की तुलना में पीएनजी की किफायत, सुरक्षा और उपयोगिता के लाभों से आम नागरिकों को अवगत कराया जाए। जनजातीय छात्रावासों, विद्यालयों में संचालित सामुदायिक रसोईघरों, सर्किट हाउस सहित विभिन्न शासकीय संस्थानों में भी पीएनजी के उपयोग को बढ़ावा दिया जाए। बैठक में मुख्य सचिव विकासशील, पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग की अपर मुख्य सचिव ऋचा शर्मा, मुख्यमंत्री के अपर मुख्य सचिव सुबोध कुमार सिंह सहित विभिन्न विभागों के सचिव और वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।

          जल जीवन मिशन के कार्यों में तेजी, ठेकेदारों का भुगतान समय पर करें

          मुख्यमंत्री ने लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग के अंतर्गत जल जीवन मिशन की समीक्षा करते हुए कहा कि घर-घर नल से स्वच्छ पेयजल पहुंचाना अत्यंत महत्वपूर्ण जनकल्याणकारी योजना है। सभी कलेक्टर इसे सर्वोच्च प्राथमिकता दें और कार्यों की मासिक समीक्षा कर निर्धारित लक्ष्यों को समय पर पूरा कराएं। उन्होंने कहा कि जल जीवन मिशन के तहत जिन ठेकेदारों ने अपना काम पूरा कर लिया है, उनका भुगतान समय पर सुनिश्चित किया जाए। बेहतर काम करने वाले ठेकेदारों को प्रोत्साहित किया जाए, जबकि लापरवाही बरतने वालों के विरुद्ध आवश्यक कार्रवाई की जाए। मुख्यमंत्री ने मिशन अमृत 2.0 की समीक्षा करते हुए नगरीय क्षेत्रों में संचालित जल प्रदाय योजनाओं और सीवेज परियोजनाओं को भी निर्धारित समय-सीमा में पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि नागरिकों को शुद्ध पेयजल उपलब्ध कराना राज्य सरकार की प्राथमिकता है। बैठक में लोक निर्माण विभाग के सचिव मुकेश बंसल ने विभाग की विभिन्न विकास परियोजनाओं की प्रगति की जानकारी दी।

          विकास परियोजनाओं की लंबित वन स्वीकृतियों का जल्द करें निराकरण

          मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के अंतर्गत वन स्वीकृति से संबंधित लंबित प्रकरणों की भी समीक्षा की। उन्होंने वन विभाग के अधिकारियों को आगामी समीक्षा बैठक से पहले लंबित कार्रवाई पूरी करने के निर्देश दिए। साथ ही आवश्यक प्रस्ताव राष्ट्रीय वन्यजीव बोर्ड को भेजकर नियमानुसार कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा। उद्योग विभाग के सचिव रजत कुमार ने बताया कि प्रदेश में कारोबार और उद्योगों को बढ़ावा देने के लिए ईज ऑफ डूइंग बिजनेस के तहत 700 सुधार शामिल किए गए हैं। इनके क्रियान्वयन की जिम्मेदारी 25 विभागों को सौंपी गई है। मुख्यमंत्री ने कहा कि औद्योगिक और व्यावसायिक गतिविधियों से जुड़े लोगों को इन सुधारों के लाभ और उनके प्रभावों की जानकारी दी जाए। साथ ही सुधारों से प्राप्त परिणामों का नियमित मूल्यांकन किया जाए, ताकि प्रदेश में उद्योगों के लिए और अनुकूल वातावरण तैयार हो सके।

          सेवा सेतु और सीएम हेल्पलाइन का करें व्यापक प्रचार

          मुख्यमंत्री ने सेवा सेतु और सीएम हेल्पलाइन का व्यापक प्रचार-प्रसार करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि शासन की मंशा है कि नागरिकों को शासकीय सेवाओं और योजनाओं का लाभ लेने के लिए सरकारी कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें। लोगों को घर बैठे सेवाओं का लाभ मिले और उनकी समस्याओं का आसानी से निराकरण हो। इसके लिए इन सुविधाओं की जानकारी अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाई जाए।

          टीएल बैठकों में योजनाओं की नियमित समीक्षा करें कलेक्टर

          मुख्यमंत्री साय ने कहा कि जिन जिलों में योजनाओं की प्रगति अपेक्षा के अनुरूप नहीं है, वहां के कलेक्टर अपने जिले की स्थिति की समीक्षा करें। सभी महत्वपूर्ण मिशनों और योजनाओं को समय-सीमा (टीएल) की बैठकों में शामिल कर नियमित समीक्षा की जाए। योजनाओं के क्रियान्वयन में पूरी गंभीरता बरतते हुए तय समय-सीमा में गुणवत्तापूर्ण कार्य सुनिश्चित किया जाए। मुख्यमंत्री ने विश्वास जताया कि अधिकारी पूरी जिम्मेदारी और तत्परता के साथ इन कार्यों को आगे बढ़ाएंगे, जिससे शासन की योजनाओं का लाभ समय पर आम नागरिकों तक पहुंच सकेगा।

          छत्तीसगढ़ के डिजिटल ब्रांड एंबेसडर हैं हमारे कंटेंट क्रिएटर्स : मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय

              Share post:

              Popular

              More like this
              Related