कोरबा (AkhandBharatHNKP.Com)। कोरबा लोकसभा क्षेत्र से लगातार दूसरी बार निर्वाचित सांसद ज्योत्सना चरणदास महंत ने संविधान संशोधन (131वां संशोधन) बिल के लोकसभा में पारित नहीं होने पर केंद्र सरकार पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी और इंडी गठबंधन सहित पूरे विपक्ष ने महिला आरक्षण बिल का विरोध नहीं किया है।

सांसद महंत ने कहा कि वर्ष 2023 में सरकार ने खुद कहा था कि महिला आरक्षण 2026 की जनगणना के बाद लागू किया जाएगा, फिर विशेष सत्र बुलाने की क्या जरूरत थी। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार की मंशा साफ नहीं है और आगामी चुनाव को देखते हुए राजनीतिक लाभ लेने की कोशिश की जा रही है। उन्होंने कहा कि भाजपा चुनाव में यह कहेगी कि हम महिला आरक्षण बिल लेकर आए, लेकिन विपक्ष ने इसे पारित नहीं होने दिया, जबकि सच्चाई कुछ और है। ज्योत्सना महंत ने कहा कि कांग्रेस पहले ही लोकसभा और राज्यसभा में महिलाओं को 33 प्रतिशत नहीं बल्कि 38 प्रतिशत तक प्रतिनिधित्व दे चुकी है। उन्होंने सवाल उठाया कि जब 543 सीटों की वर्तमान संख्या मौजूद है, तो उसी पर आरक्षण लागू क्यों नहीं किया जा रहा है। उन्होंने स्पष्ट किया कि यह महिला आरक्षण का विरोध नहीं, बल्कि सरकार की नीयत और प्रक्रिया पर सवाल है।

