अंबिकापुर (AkhandBharatHNKP.Com)। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने 12वें अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर अंबिकापुर में आयोजित सामूहिक योगाभ्यास कार्यक्रम में भाग लिया। इस दौरान उन्होंने प्रदेशवासियों को योग दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि प्रत्येक व्यक्ति को स्वस्थ और संतुलित जीवन के लिए योग को अपनी दिनचर्या का हिस्सा बनाना चाहिए।

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने अंबिकापुर स्थित पीजी महाविद्यालय मैदान में हजारों लोगों के साथ सामूहिक योगाभ्यास किया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में नागरिकों ने भाग लेकर स्वास्थ्य और जागरूकता का संदेश दिया। इस अवसर पर प्रदेश के स्वास्थ्य मंत्री श्यामबिहारी जायसवाल सहित कई जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे। मुख्यमंत्री साय ने अपने संबोधन में कहा कि योग स्वस्थ शरीर, शांत मन और मजबूत आत्मबल का आधार है। योग हमें जीवन की कठिन परिस्थितियों का सामना धैर्य, संतुलन और सकारात्मक सोच के साथ करना सिखाता है। उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में बेहतर स्वास्थ्य और मानसिक शांति के लिए नियमित योगाभ्यास अत्यंत आवश्यक है।उन्होंने प्रदेशवासियों से अपील करते हुए कहा कि योग को केवल विशेष अवसरों तक सीमित न रखें, बल्कि इसे प्रतिदिन की आदत बनाएं। नियमित योगाभ्यास से शरीर निरोग रहता है और मन को स्थिरता प्राप्त होती है।
योग भारत की प्राचीन परंपरा
अंबिकापुर के पीजी महाविद्यालय मैदान में आयोजित इस कार्यक्रम में हजारों लोगों की उपस्थिति ने 12वें अंतरराष्ट्रीय योग दिवस को विशेष बना दिया। मुख्यमंत्री के साथ बड़ी संख्या में लोगों ने योग कर स्वस्थ रहने का संदेश दिया। कार्यक्रम में स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल, विधायक रामकुमार टोप्पो सहित अन्य स्थानीय जनप्रतिनिधियों ने भी सहभागिता निभाई। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने कहा कि योग भारत की प्राचीन परंपरा है, जिसने आज पूरे विश्व में स्वास्थ्य, शांति और मानव कल्याण का संदेश फैलाया है। प्रत्येक व्यक्ति को स्वस्थ और सुखी जीवन के लिए योग को अपनाना चाहिए।
योग विश्व का सबसे बड़ा जन उत्सव बना, इसे दैनिक जीवन का हिस्सा बनाएं : प्रधानमंत्री

