सुशासन तिहार अवधि में शासकीय अधिकारियों-कर्मचारियों के अवकाश पर प्रतिबंध
कोरबा (AkhandBharatHNKP.Com)। कलेक्टर कुणाल दुदावत ने मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के निर्देशानुसार 1 मई से 10 जून तक आयोजित होने वाले सुशासन तिहार की तैयारियों की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने लंबित राजस्व, पेंशन, राशन कार्ड सहित अन्य जनसमस्याओं से जुड़े आवेदनों का समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निराकरण सुनिश्चित करने को कहा।

समय-सीमा की बैठक में कलेक्टर ने बताया कि सुशासन तिहार के तहत शहरी क्षेत्रों के वार्डों एवं ग्रामीण क्षेत्रों की ग्राम पंचायतों में शिविर लगाकर आवेदन लिए जाएंगे। प्राप्त आवेदनों का निर्धारित अवधि में निराकरण कर आवेदकों को जानकारी देने के निर्देश अधिकारियों को दिए गए। गर्मी को देखते हुए कलेक्टर ने शिविर स्थलों पर पर्याप्त पेयजल, ओआरएस पैकेट, स्वास्थ्य कर्मचारियों, एंबुलेंस, छाया, पंखे एवं कूलर की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।कलेक्टर ने जिले में पेयजल आपूर्ति सुचारु रखने के निर्देश देते हुए खराब हैंडपंपों की तत्काल मरम्मत कराने को कहा। लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग को निर्देशित किया गया कि ग्रामीण क्षेत्रों में पानी की कमी न हो तथा जरूरत पड़ने पर टैंकर, पानी टंकी और नए बोर की व्यवस्था की जाए। उन्होंने पोड़ी-उपरोड़ा ब्लॉक के दूरस्थ गांवों में पाइपलाइन सुधार कर नियमित जलापूर्ति सुनिश्चित करने को कहा। बैठक में डीएफओ कटघोरा कुमार निशांत, निगमायुक्त आशुतोष पांडेय, जिला पंचायत सीईओ दिनेश कुमार नाग, अपर कलेक्टर देवेंद्र पटेल सहित सभी विभागीय अधिकारी मौजूद रहे।
सार्वजनिक स्थानों पर प्याऊ लगाने के निर्देश
ग्राम पंचायतों, बैंकों, बस स्टैंड, बाजार, कलेक्ट्रेट परिसर एवं भीड़भाड़ वाले स्थानों पर प्याऊ की व्यवस्था करने के निर्देश दिए गए। साथ ही मिट्टी के घड़े और पीने के पानी के लिए ग्लास उपलब्ध कराने को कहा गया। मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी को लू से बचाव एवं उपचार की पूरी व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। आमजन को जागरूक करने के लिए एडवाइजरी जारी करने को भी कहा गया।
बिजली व्यवस्था सुधारने चेतावनी
विद्युत विभाग को खराब ट्रांसफार्मर की शिकायत मिलते ही तत्काल बदलने और निर्बाध बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। बिजली संबंधी शिकायतों के त्वरित निराकरण पर भी जोर दिया गया। बैठक में प्रधानमंत्री सूर्य घर योजना, मुख्यमंत्री कौशल विकास योजना, ई-डिस्ट्रिक्ट सेवा 2.0, आरबीसी 6-4, स्वेच्छानुदान राशि वितरण, खाद-बीज भंडारण तथा किसानों के पंजीयन की भी समीक्षा की गई।
जनदर्शन में उमड़ी भीड़, कलेक्टर ने सुनीं 96 आवेदकों की समस्याएं, आवश्यक कार्रवाई के दिए निर्देेश

