जवाहर नवोदय विद्यालय के छात्र अतुल चंद्रा की शानदार सफलता, पूरे प्रदेश में खुशी की लहर
बलौदा बाजार (AkhandBharatHNKP.Com)। सरगुजा जिले में पदस्थ पुलिस निरीक्षक सी.आर. चंद्रा के पुत्र अतुल चंद्रा ने अपनी मेहनत और लगन के बल पर JEE Main 2026 में 99.27 परसेंटाइल हासिल कर देश के प्रतिष्ठित नेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी (NIT) दिल्ली के कंप्यूटर साइंस एंड इंजीनियरिंग (CSE) पाठ्यक्रम में प्रवेश प्राप्त किया है। उनकी इस उपलब्धि से परिवार के साथ-साथ पूरे प्रदेश में खुशी का माहौल है।
सक्ति जिले के ग्राम अंडा निवासी अतुल चंद्रा ने अपनी स्कूली शिक्षा जवाहर नवोदय विद्यालय, लवन (बलौदा बाजार) से पूरी की। उन्होंने कक्षा 12वीं की परीक्षा 93 प्रतिशत अंकों के साथ उत्तीर्ण की। प्रारंभ से ही पढ़ाई में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले अतुल ने कठिन परिश्रम और अनुशासन के बल पर यह मुकाम हासिल किया। देश की सबसे प्रतिष्ठित इंजीनियरिंग प्रवेश परीक्षाओं में शामिल JEE Main 2026 में अतुल ने 99.27 परसेंटाइल प्राप्त कर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया। इस शानदार प्रदर्शन के आधार पर उन्हें NIT दिल्ली के कंप्यूटर साइंस एंड इंजीनियरिंग (CSE) शाखा में प्रवेश मिला है, जिसे देश के सबसे पसंदीदा तकनीकी पाठ्यक्रमों में गिना जाता है।
शुभकामनाओं का लगा तांता
अतुल की इस उपलब्धि पर जनप्रतिनिधियों, शिक्षकों, पुलिस विभाग के अधिकारियों एवं कर्मचारियों, समाज के प्रबुद्धजनों और क्षेत्रवासियों ने उन्हें तथा उनके परिवार को बधाई एवं शुभकामनाएं दी हैं। सभी ने उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए विश्वास जताया कि वे एक सफल अभियंता बनकर छत्तीसगढ़ और देश का नाम रोशन करेंगे।

