केंद्रीय सतर्कता आयोग के परामर्शदाता राजीव वर्मा ने पारदर्शी एवं जवाबदेह प्रशासन पर दिए सुझाव
बिलासपुर (AkhandBharatHNKP.Com)। साउथ ईस्टर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड (एसईसीएल) मुख्यालय में “निवारक सतर्कता, शिकायत निवारण एवं सतर्कता प्रशासन” विषय पर संवादात्मक सत्र आयोजित किया गया। कार्यक्रम में केंद्रीय सतर्कता आयोग, नई दिल्ली के परामर्शदाता राजीव वर्मा ने प्रभावी सतर्कता व्यवस्था, पारदर्शी प्रशासन और समयबद्ध शिकायत निवारण को सुशासन की आधारशिला बताते हुए अधिकारियों के साथ अपने अनुभव साझा किए।

उन्होंने कहा कि निवारक सतर्कता का उद्देश्य केवल अनियमितताओं की जांच या दंडात्मक कार्रवाई तक सीमित नहीं है, बल्कि ऐसी पारदर्शी और उत्तरदायी व्यवस्था विकसित करना है, जिससे अनियमितताओं की संभावना न्यूनतम हो। उन्होंने जोखिम आधारित सतर्कता प्रणाली, निष्पक्ष शिकायत निवारण और प्रशासनिक प्रक्रियाओं में सर्वोत्तम कार्यप्रणालियों को अपनाने पर विशेष जोर दिया। एसईसीएल के अध्यक्ष-सह-प्रबंध निदेशक हरीश दुहन ने कहा कि पारदर्शिता, नैतिकता और जवाबदेही संगठन की कार्यसंस्कृति के मूल स्तंभ हैं। उन्होंने कहा कि निवारक सतर्कता प्रभावी प्रशासन का महत्वपूर्ण आधार है और इस तरह के संवाद संगठन में सत्यनिष्ठा एवं जवाबदेही की संस्कृति को और अधिक मजबूत करते हैं।
डिजिटल व्यवस्था से मजबूत हुई सतर्कता प्रणाली
मुख्य सतर्कता अधिकारी हिमांशु जैन ने स्वागत उद्बोधन में बताया कि एसईसीएल में डिजीकोल और अन्य ऑनलाइन पोर्टलों जैसी सूचना प्रौद्योगिकी आधारित प्रणालियों के माध्यम से निर्णय प्रक्रिया अधिक पारदर्शी, जवाबदेह और समयबद्ध हुई है। इससे निवारक सतर्कता व्यवस्था को भी नई मजबूती मिली है। कार्यक्रम के दौरान अध्यक्ष-सह-प्रबंध निदेशक हरीश दुहन ने अधिकारियों एवं कर्मचारियों को सत्यनिष्ठा की शपथ दिलाई। वहीं प्रश्नोत्तर सत्र में प्रतिभागियों ने सतर्कता प्रशासन, शिकायत निवारण एवं अनुशासनात्मक प्रक्रियाओं से जुड़े विभिन्न प्रश्न पूछे, जिनका राजीव वर्मा ने व्यावहारिक उदाहरणों के साथ विस्तार से उत्तर दिया।
सतर्कता व्यवस्था को और प्रभावी बनाने पर हुई समीक्षा
कार्यक्रम से पूर्व राजीव वर्मा ने अध्यक्ष-सह-प्रबंध निदेशक हरीश दुहन से शिष्टाचार भेंट की। इसके बाद उनकी अध्यक्षता में विभागाध्यक्षों एवं सतर्कता विभाग के अधिकारियों की समीक्षा बैठक आयोजित की गई, जिसमें सतर्कता तंत्र को अधिक प्रभावी, पारदर्शी और परिणामोन्मुख बनाने के विभिन्न पहलुओं पर विस्तार से चर्चा की गई। इस अवसर पर नॉर्दर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड के मुख्य सतर्कता अधिकारी अजय कुमार जायसवाल, निदेशक (तकनीकी/संचालन) एन. फ्रैंकलिन जयकुमार, निदेशक (मानव संसाधन) बिरंची दास, निदेशक (वित्त) दरला सुनील कुमार, निदेशक (तकनीकी/योजना एवं परियोजना) रमेश चंद्र महापात्र सहित एसईसीएल के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे। कंपनी के सभी संचालन क्षेत्रों के अधिकारी एवं कर्मचारी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से कार्यक्रम से जुड़े।
एसईसीएल के बिरंची दास को एमसीएल में अतिरिक्त जिम्मेदारी, मानव संसाधन निदेशक का सौंपा गया प्रभार

