शिक्षा और रोजगार के नए अवसरों से संवर रहा छत्तीसगढ़ के बच्चों का भविष्य : मुख्यमंत्री

      Date:

      • स्वर्ण शारदा छात्रवृत्ति 2026 में मेधावी बेटियों का सम्मान, बेमेतरा की प्रदेश टॉपर ओमनी वर्मा को एक लाख रुपए की छात्रवृत्ति

      रायपुर (AkhandBharatHNKP.Com)। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने जोरा स्थित एक निजी होटल में आयोजित स्वर्ण शारदा छात्रवृत्ति 2026 कार्यक्रम में शामिल हुए। इस दौरान उन्होंने प्रदेश के विभिन्न संभागों की परीक्षा टॉपर छात्राओं को सम्मानित कर छात्रवृत्ति प्रदान की। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि शिक्षा समाज और राज्य के विकास की सबसे मजबूत नींव है। गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के साथ युवाओं को रोजगार के बेहतर अवसर उपलब्ध कराना राज्य सरकार की प्राथमिकता है। सरकार गांवों से लेकर दूरस्थ वनांचलों तक बच्चों को बेहतर शिक्षा उपलब्ध कराने के साथ उन्हें प्रतियोगी परीक्षाओं और आधुनिक तकनीक के लिए भी तैयार कर रही है।

          मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय

          कक्षा 12वीं की परीक्षा में प्रदेश में प्रथम स्थान हासिल करने वाली बेमेतरा की ओमनी वर्मा को मुख्यमंत्री ने एक लाख रुपए का चेक और सम्मान पत्र प्रदान किया। उनके विद्यालय स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट हिंदी माध्यम कन्या विद्यालय, बेमेतरा को भी एक लाख रुपए की पुरस्कार राशि दी गई। मुख्यमंत्री ने कहा कि बेटियों की सफलता केवल उनके परिवार और विद्यालय के लिए ही नहीं, बल्कि पूरे छत्तीसगढ़ के लिए गौरव की बात है। मेहनत, अनुशासन और दृढ़ संकल्प के बल पर प्रदेश की बेटियां हर क्षेत्र में आगे बढ़ रही हैं। मुख्यमंत्री ने अपने विद्यार्थी जीवन को याद करते हुए कहा कि उनकी शुरुआती पढ़ाई ग्राम बगिया की प्राथमिक शाला में हुई थी। उस समय गांव का स्कूल मिट्टी का था और उसकी मरम्मत में ग्रामीण मिलकर सहयोग करते थे। आज छत्तीसगढ़ में शिक्षा के क्षेत्र में बड़ा बदलाव आया है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में स्कूल शिक्षा से लेकर उच्च शिक्षा तक संस्थानों का मजबूत नेटवर्क तैयार हुआ है। आईआईटी, आईआईएम और एम्स जैसे प्रतिष्ठित संस्थान छत्तीसगढ़ में संचालित हो रहे हैं। इससे विद्यार्थियों को अपने ही प्रदेश में बेहतर उच्च शिक्षा के अवसर मिल रहे हैं। इस अवसर पर स्कूल शिक्षा मंत्री गजेंद्र यादव, सांसद श्रीमती रूपकुमारी चौधरी, राज्य गौ सेवा आयोग के उपाध्यक्ष राजीव लोचन जी महाराज, गोयल ग्रुप एंड कंपनीज के चेयरमैन सुरेश गोयल, राजीव गोयल, दिनेश गोयल, रविकांत मित्तल सहित जनप्रतिनिधिगण, शिक्षाविद्, विद्यार्थी, अभिभावक एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित थे।

          https://dprcg.gov.in/post/1787160182/रायपुर-उत्कृष्ट-शिक्षा-और-रोजगार-के-नए-अवसरों-से-संवर-रहा-छत्तीसगढ़-के-बच्चों-का-भविष्य-मुख्यमंत्री-श्री-विष्णु-देव-साय

          34 नालंदा परिसर से प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी को मिलेगा बढ़ावा

          मुख्यमंत्री ने बताया कि प्रदेश में 34 स्थानों पर नालंदा परिसर विकसित किए जा रहे हैं। इन परिसरों में युवाओं को प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए शांत और सुविधाजनक वातावरण मिलेगा। उन्होंने बताया कि नई दिल्ली में छत्तीसगढ़ के जनजातीय युवाओं के लिए 200 बिस्तरों वाला ट्राइबल यूथ हॉस्टल संचालित किया जा रहा है। यहां तैयारी करने वाले 13 विद्यार्थियों ने इस वर्ष संघ लोक सेवा आयोग की प्रारंभिक परीक्षा उत्तीर्ण की है।

          कृत्रिम बुद्धिमत्ता मिशन के लिए 500 करोड़ रुपए

          मुख्यमंत्री ने कहा कि तकनीक तेजी से बदल रही है और विद्यार्थियों को भविष्य की जरूरतों के लिए तैयार करना जरूरी है। इसी उद्देश्य से छत्तीसगढ़ कृत्रिम बुद्धिमत्ता मिशन शुरू किया जा रहा है। इसके लिए राज्य सरकार ने 500 करोड़ रुपए का प्रावधान किया है। इस मिशन के माध्यम से विद्यार्थियों और युवाओं को कृत्रिम बुद्धिमत्ता सहित नई तकनीकों से परिचित कराया जाएगा, ताकि वे भविष्य के रोजगार और नवाचार के अवसरों का लाभ उठा सकें।

          बस्तर में शांति के साथ शिक्षा और विकास को गति

          मुख्यमंत्री ने कहा कि बस्तर में शांति स्थापित होने के बाद शिक्षा, स्वास्थ्य और विकास के क्षेत्र में नई संभावनाएं खुल रही हैं। उन्होंने बताया कि इस स्वतंत्रता दिवस पर बस्तर के 92 गांवों में पहली बार तिरंगा फहराया गया। उन्होंने कहा कि पहले नक्सलवाद से प्रभावित रहे क्षेत्रों में अब सड़क, शिक्षा, स्वास्थ्य, राशन और अन्य बुनियादी सुविधाएं तेजी से पहुंच रही हैं। मुख्यमंत्री स्वस्थ बस्तर अभियान के तहत लाखों लोगों का स्वास्थ्य परीक्षण किया गया है और जरूरतमंदों को उपचार उपलब्ध कराया गया है।

          बस्तर पर्यटन से बढ़ेंगे रोजगार के अवसर

          मुख्यमंत्री ने बस्तर में पर्यटन की संभावनाओं का उल्लेख करते हुए कहा कि चित्रकोट जलप्रपात, कुटुमसर गुफा समेत कई प्राकृतिक और सांस्कृतिक स्थल पर्यटकों को आकर्षित कर रहे हैं। बस्तर के धुड़मारास गांव को संयुक्त राष्ट्र विश्व पर्यटन संगठन की दुनिया के सर्वश्रेष्ठ पर्यटन गांवों की सूची में शामिल किया जाना प्रदेश के लिए गौरव की बात है। सरकार स्थानीय लोगों को होमस्टे के माध्यम से पर्यटन से जोडऩे के लिए ऋण और अनुदान जैसी सुविधाएं उपलब्ध करा रही है।

          8 लाख करोड़ रुपए के निवेश प्रस्ताव

          मुख्यमंत्री ने कहा कि शिक्षा के साथ युवाओं को रोजगार उपलब्ध कराना भी सरकार की प्राथमिकता है। छत्तीसगढ़ की नई औद्योगिक नीति 2024-30 को देश-विदेश में अच्छा प्रतिसाद मिल रहा है। इसके तहत अब तक करीब 8 लाख करोड़ रुपए के निवेश के समझौता ज्ञापन किए जा चुके हैं। उन्होंने कहा कि स्थानीय युवाओं को बड़े पैमाने पर रोजगार देने वाली औद्योगिक इकाइयों को विशेष प्रोत्साहन दिया जा रहा है। बारिश के बाद प्रदेश में रोजगार मेलों का आयोजन किया जाएगा, जिसके माध्यम से युवाओं को विभिन्न उद्योगों में उपलब्ध रोजगार के अवसरों से जोड़ा जाएगा। मुख्यमंत्री ने छात्रवृत्ति से सम्मानित सभी छात्राओं को बधाई देते हुए कहा कि वे बड़े सपने देखें, लक्ष्य निर्धारित करें और निरंतर मेहनत करते रहें। राज्य सरकार शिक्षा, तकनीक और रोजगार के माध्यम से उनके सपनों को साकार करने के लिए हरसंभव सहयोग देगी।

          नदी बचेगी तो जल बचेगा और जल बचेगा तो जीवन बचेगा : मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय

              Share post:

              Popular

              More like this
              Related