सरगुजा (AkhandBharatHNKP.Com)। जिले के सीतापुर क्षेत्र में नायब तहसीलदार से कथित मारपीट के मामले ने तूल पकड़ लिया है। मामले में भाजपा विधायक रामकुमार टोप्पो और उनके समर्थकों पर नायब तहसीलदार से मारपीट, कपड़े फाडऩे और अभद्रता करने के आरोप लगे हैं। शिकायत के आधार पर विधायक समेत 10 लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई है। घटना के विरोध में छत्तीसगढ़ कनिष्ठ प्रशासनिक सेवा संघ ने विधायक और उनके समर्थकों की गिरफ्तारी की मांग करते हुए शुक्रवार को सामूहिक अवकाश पर जाने की घोषणा की है।

बता दें कि मैनपाट स्थित राजापुर उप तहसील में विधायक रामकुमार टोप्पो की चचेरी बहन सीमा धनकी ने जमीन संबंधी शाखा शोध पत्र तैयार कराने के लिए 14 मई को आवेदन जमा किया था। आरोप है कि कई दिनों तक काम नहीं होने के बाद बुधवार को वह फिर उप तहसील कार्यालय पहुंचीं, जहां नायब तहसीलदार तुषार मानिक से हस्ताक्षर कराने को लेकर विवाद की स्थिति बन गई। सीमा धनकी ने आरोप लगाया कि नायब तहसीलदार ने उनसे अभद्र व्यवहार किया, फाइल फेंक दी और कार्यालय से बाहर निकलने के लिए कहा। घटना की जानकारी मिलने पर विधायक रामकुमार टोप्पो के समर्थक उप तहसील कार्यालय पहुंच गए। वहीं नायब तहसीलदार तुषार मानिक ने आरोप लगाया कि शाम को उन्हें राजापुर बुलाया गया, जहां विधायक रामकुमार टोप्पो और समर्थकों ने बहन से कथित अभद्रता का आरोप लगाते हुए उनके साथ मारपीट की। उन्होंने कहा कि बीच-बचाव के दौरान एसडीएम फागेश सिन्हा ने हस्तक्षेप कर उन्हें सुरक्षित बाहर निकाला।
दोषियों की गिरफ्तारी की मांग
पुलिस ने दोनों पक्षों की शिकायत पर मामला दर्ज किया है। विधायक की बहन की शिकायत के आधार पर नायब तहसीलदार तुषार मानिक के खिलाफ भी एफआईआर दर्ज की गई है। इस मामले में दोनों पक्ष एक-दूसरे पर आरोप लगा रहे हैं। घटना के विरोध में प्रशासनिक अधिकारियों ने नाराजगी जताई है। कनिष्ठ प्रशासनिक सेवा संघ ने इसे अधिकारियों की सुरक्षा से जुड़ा गंभीर मामला बताते हुए दोषियों की गिरफ्तारी की मांग की है। इसके विरोध में जिले के तहसीलदारों ने सामूहिक अवकाश पर रहने का निर्णय लिया है। दूसरी ओर विधायक समर्थकों ने भी प्रदर्शन की घोषणा की है।
भाजपाईयों की गुंडागर्दी
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने घटना को लेकर राज्य सरकार पर निशाना साधते हुए इसे भाजपा कार्यकर्ताओं की गुंडागर्दी बताया और सरकार से जवाब मांगा। वहीं पूर्व उपमुख्यमंत्री टीएस सिंहदेव ने घटना को दुर्भाग्यपूर्ण बताते हुए कहा कि जनप्रतिनिधियों को संवैधानिक मर्यादाओं का पालन करना चाहिए।
नायब तहसीलदार की पिटाई, भाजपा विधायक समेत 10 पर एफआईआर

