नायब तहसीलदार की पिटाई, भाजपा विधायक समेत 10 पर एफआईआर

      Date:

      • विधायक की बहन से अभद्रता के आरोप पर बढ़ा विवाद, काउंटर शिकायत में नायब तहसीलदार पर भी केस दर्ज

      अंबिकापुर/सरगुजा (AkhandBharatHNKP.Com)। सरगुजा जिले के सीतापुर क्षेत्र में राजापुर उप तहसील कार्यालय में नायब तहसीलदार के साथ कथित मारपीट का मामला सामने आया है। घटना के बाद पुलिस ने नायब तहसीलदार की शिकायत पर सीतापुर विधायक रामकुमार टोप्पो एवं उनके समर्थकों सहित 10 लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया है। वहीं विधायक की चचेरी बहन की शिकायत पर नायब तहसीलदार तुषार मानिक के विरुद्ध भी प्रकरण कायम किया गया है।

          नायब तहसीलदार

          मामला सीतापुर थाना क्षेत्र अंतर्गत राजापुर उप तहसील कार्यालय का बताया जा रहा है, जहां जमीन संबंधी दस्तावेज के कार्य को लेकर विवाद उत्पन्न हुआ। जानकारी के अनुसार विधायक की चचेरी बहन सीमा धनकी ने भूमि संबंधी शाखा शोध पत्र तैयार कराने के लिए 14 मई को आवेदन प्रस्तुत किया था। आरोप है कि कार्य लंबित रहने के कारण वे बुधवार को पुन: कार्यालय पहुंचीं। सीमा धनकी ने आरोप लगाया कि उन्होंने फाइल पर हस्ताक्षर करने का आग्रह किया जिस पर नायब तहसीलदार तुषार मानिक ने कथित रूप से नाराजगी जाहिर करते हुए फाइल फेंक दी तथा उन्हें कार्यालय से बाहर जाने के लिए कहा। इसके बाद उन्होंने घटना की जानकारी विधायक रामकुमार टोप्पो को दी। बताया जा रहा है कि सूचना मिलने के बाद विधायक समर्थक उप तहसील कार्यालय पहुंचे, जहां विवाद ने तूल पकड़ लिया।

          एसडीएम ने कराया हस्तक्षेप

          नायब तहसीलदार तुषार मानिक ने आरोप लगाया कि विधायक रामकुमार टोप्पो एवं उनके समर्थकों ने उनसे धक्का-मुक्की की, कपड़े फाड़े और मारपीट की। उन्होंने दावा किया कि विधायक ने अपनी बहन के साथ अभद्र व्यवहार का आरोप लगाते हुए उनसे पूछताछ की, जिसके बाद विवाद बढ़ गया। घटना के दौरान एसडीएम फागेश सिन्हा ने हस्तक्षेप कर स्थिति को नियंत्रित किया। हालांकि विधायक पक्ष ने नायब तहसीलदार पर सीमा धनकी के साथ दुव्र्यवहार और अभद्रता का आरोप लगाया है। विधायक की बहन की शिकायत पर पुलिस ने नायब तहसीलदार तुषार मानिक के खिलाफ भी मामला दर्ज किया है।

          दोनों पक्षों की शिकायत पर काउंटर एफआईआर

          पुलिस ने नायब तहसीलदार की शिकायत पर विधायक रामकुमार टोप्पो सहित 10 लोगों के खिलाफ शासकीय कार्य में बाधा, मारपीट एवं अन्य धाराओं के तहत एफआईआर दर्ज की है। वहीं दूसरे पक्ष की शिकायत के आधार पर नायब तहसीलदार के खिलाफ भी कानूनी कार्रवाई की गई है। मामले में सरगुजा कलेक्टर अजीत बसंत ने घटना की जानकारी लेते हुए संबंधित अधिकारियों से रिपोर्ट तलब की है। प्रशासन का कहना है कि मामले की जांच के आधार पर पुलिस द्वारा विधिसम्मत कार्रवाई की जाएगी।

              Share post:

              Popular

              More like this
              Related