भक्ति, संस्कृति और सामाजिक समरसता का अनुपम संगम है कांवड़ यात्रा : मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय

      Date:

      • मुख्यमंत्री ने भगवान शिव का रुद्राभिषेक कर प्रदेशवासियों के सुख-समृद्धि की कामना की

      रायपुर (AkhandBharatHNKP.Com)। गुढिय़ारी स्थित मारुति मंगलम परिसर में आयोजित भव्य कांवड़ यात्रा में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय शामिल हुए। उन्होंने भगवान शिव का विधि-विधान से रुद्राभिषेक और पूजा-अर्चना कर प्रदेशवासियों के सुख-समृद्धि, शांति और खुशहाली की कामना की। मुख्यमंत्री ने कांवड़ यात्रा में शामिल शिवभक्तों का उत्साहवर्धन करते हुए उन्हें सावन की शुभकामनाएं दीं।

          भव्य कांवड़ यात्रा

          इस अवसर पर मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा कि सावन का महीना भगवान शिव की आराधना और भक्ति के लिए विशेष माना जाता है। इस दौरान आयोजित कांवड़ यात्रा आस्था, भक्ति और समर्पण की अनूठी अभिव्यक्ति है। हजारों शिवभक्त पवित्र जल लेकर पैदल भगवान भोलेनाथ के जलाभिषेक के लिए रवाना होते हैं। गुढिय़ारी के मारुति मंगलम परिसर से कांवडि़ए पवित्र जल लेकर महादेव घाट स्थित भगवान हटकेश्वरनाथ महादेव के जलाभिषेक के लिए निकले। शिवभक्तों के जयघोष और भक्ति गीतों से पूरा वातावरण शिवमय हो गया। मुख्यमंत्री ने कहा कि कांवड़ यात्रा केवल धार्मिक आयोजन नहीं, बल्कि संस्कृति, परंपरा और सामाजिक एकता का उत्सव भी है। ऐसे आयोजनों में समाज के विभिन्न वर्गों के लोग एक साथ शामिल होते हैं, जिससे आपसी सद्भाव और सामाजिक समरसता मजबूत होती है। उन्होंने कहा कि धार्मिक परंपराएं नई पीढ़ी को अपनी संस्कृति और संस्कारों से जोडऩे का महत्वपूर्ण माध्यम हैं।

          https://dprcg.gov.in/post/1787474672/Raipur-Chief-Minister-Shri-Vishnu-Deo-Sai-performed-the-Rudrabhishek-of-Lord-Shiva-and-prayed-for-the-happiness-prosperity-and-well-being-of-the-people-of-the-state

          मुख्यमंत्री साय ने महादेव घाट स्थित भगवान हटकेश्वरनाथ महादेव मंदिर के ऐतिहासिक और धार्मिक महत्व का उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि यह मंदिर छत्तीसगढ़ की प्राचीन शिव आराधना परंपरा का प्रमुख केंद्र है। सावन के महीने में बड़ी संख्या में श्रद्धालु यहां पहुंचकर भगवान शिव का जलाभिषेक और पूजा-अर्चना करते हैं। इस अवसर पर विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह, पूर्व राज्यपाल रमेश बैस, सांसद बृजमोहन अग्रवाल, विधायक राजेश मूणत, सुनील सोनी, मोतीलाल साहू, पुरंदर मिश्रा, पूर्व सांसद अभिषेक सिंह, महापौर मीनल चौबे सहित जनप्रतिनिधि, सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधि और बड़ी संख्या में श्रद्धालु मौजूद रहे।

          धार्मिक स्थलों के विकास पर सरकार का जोर

          मुख्यमंत्री ने कहा कि छत्तीसगढ़ की पहचान प्राकृतिक सुंदरता और लोक-संस्कृति के साथ-साथ अपनी समृद्ध आध्यात्मिक परंपराओं से भी है। प्रदेश के प्राचीन शिवधाम और शक्तिपीठ धार्मिक-सांस्कृतिक विरासत के महत्वपूर्ण केंद्र हैं। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार धार्मिक और आध्यात्मिक स्थलों के विकास के साथ श्रद्धालुओं के लिए बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने की दिशा में लगातार काम कर रही है। इससे प्रदेश में धार्मिक पर्यटन को भी बढ़ावा मिलेगा। मुख्यमंत्री ने कांवड़ यात्रा में शामिल सभी शिवभक्तों को शुभकामनाएं देते हुए भगवान भोलेनाथ से छत्तीसगढ़ की निरंतर प्रगति और प्रदेशवासियों के सुख-शांति की प्रार्थना की। उन्होंने कहा कि महादेव की कृपा प्रदेश के प्रत्येक परिवार पर बनी रहे और छत्तीसगढ़ विकास एवं जनकल्याण के पथ पर लगातार आगे बढ़ता रहे।

          छत्तीसगढ़ के कण-कण में विराजमान हैं महादेव, हमारी आध्यात्मिक परंपरा अमूल्य धरोहर : मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय

              Share post:

              Popular

              More like this
              Related