हसदेव-सर्वमंगला घाट पर गूंजा स्वच्छता का संदेश, जनभागीदारी से बदली तस्वीर

      Date:

      • ‘सेवा मेरा योगदान’ अभियान में जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों और नागरिकों ने मिलकर की सफाई, स्वच्छता दीदियों का हुआ सम्मान

      कोरबा (AkhandBharatHNKP.Com)। सेवा संकल्प अभियान के तहत संचालित ‘सेवा मेरा योगदान’ पहल में हसदेव-सर्वमंगला नदी घाट पर व्यापक स्वच्छता अभियान चलाया गया। अभियान में जनप्रतिनिधियों, नगर निगम और जिला प्रशासन के अधिकारी-कर्मचारियों के साथ स्थानीय नागरिकों तथा सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधियों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। सभी ने मिलकर नदी घाट और आसपास के क्षेत्र में फैले कचरे एवं गंदगी की सफाई की। अभियान के माध्यम से सार्वजनिक स्थलों को स्वच्छ रखने और स्वच्छता को अपनी दैनिक जिम्मेदारी बनाने का संदेश दिया गया।

          स्वच्छता अभियान

          हसदेव-सर्वमंगला नदी घाट कोरबा के प्रमुख धार्मिक एवं सामाजिक स्थलों में शामिल है। यहां भोजली विसर्जन सहित विभिन्न धार्मिक और सामाजिक आयोजन होते हैं। ऐसे महत्वपूर्ण स्थल पर चलाए गए स्वच्छता अभियान से नागरिकों में सार्वजनिक स्थानों की स्वच्छता के प्रति जिम्मेदारी की भावना को बढ़ावा मिला।

          स्वच्छता अभियान

          नगर निगम आयुक्त आशुतोष पांडेय ने कहा कि ‘सेवा मेरा योगदान’ केवल सफाई अभियान नहीं, बल्कि लोगों को स्वयं जागरूक होकर आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करने की पहल है। यदि हर नागरिक प्रतिदिन केवल 15 मिनट स्वच्छता के लिए दे, तो कोरबा स्वच्छता के क्षेत्र में काफी आगे बढ़ सकता है। उन्होंने नागरिकों से पेड़ लगाने, पानी बचाने और स्वच्छता अपनाने की अपील की। उन्होंने बताया कि नदी घाट क्षेत्र में रैलिंग और घाट विकास के लिए डीएमएफ से 48 लाख रुपये स्वीकृत किए गए हैं। आने वाले समय में जन-निजी भागीदारी से भी क्षेत्र के विकास की दिशा में काम किया जाएगा। निगमायुक्त ने बताया कि शहर के 11 नालों के पानी को एसटीपी के माध्यम से उपचारित कर स्वच्छ जल में परिवर्तित करने की दिशा में भी कार्य किया जा रहा है।

          स्वच्छता अभियान

          इस अवसर पर जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी प्रतीक जैन, नगर निगम एवं जिला प्रशासन के अधिकारी-कर्मचारी, जनप्रतिनिधि, चेंबर ऑफ कॉमर्स के अध्यक्ष योगेश जैन, श्रीमती मीना शर्मा सहित बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे। जिला पंचायत सीईओ प्रतीक जैन ने अभियान में सहभागिता के लिए सभी जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों, कर्मचारियों और नागरिकों के प्रति आभार व्यक्त किया।

          स्वच्छ वातावरण स्वस्थ समाज की पहली जरूरत

          एमआईसी सदस्य एवं पार्षद नरेंद्र देवांगन ने कहा कि सेवा संकल्प अभियान के माध्यम से स्वच्छता को लेकर जनभागीदारी बढ़ाने का प्रयास किया जा रहा है। स्वस्थ जीवन के लिए स्वच्छ वातावरण जरूरी है, इसलिए प्रत्येक व्यक्ति को स्वच्छता को अपनी दिनचर्या का हिस्सा बनाना चाहिए।नगर निगम सभापति नूतन सिंह ठाकुर ने कहा कि सेवा का वास्तविक अर्थ जरूरतमंद लोगों और क्षेत्रों तक सहयोग पहुंचाना है। स्वच्छता के साथ रक्तदान सहित अन्य जनसेवा के कार्यों में भी नागरिकों की भागीदारी जरूरी है।

          स्वच्छता को जनआंदोलन बनाने पर जोर

          कार्यक्रम के मुख्य अतिथि गोपाल मोदी ने कहा कि ‘सेवा मेरा योगदान’ के तहत सभी का एक साथ आकर नदी घाट की सफाई करना जनभागीदारी की सकारात्मक मिसाल है। उन्होंने कहा कि स्वच्छता तभी प्रभावी होगी, जब हर नागरिक इसे अपनी जिम्मेदारी समझकर आगे आए।उन्होंने बताया कि 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक चल रहे सेवा संकल्प अभियान के माध्यम से समाज के विभिन्न वर्गों को सेवा गतिविधियों से जोड़ा जा रहा है। उन्होंने विकसित भारत के संकल्प में नागरिकों की सक्रिय भागीदारी को जरूरी बताया।

          स्वच्छता दीदियों का सम्मान

          कार्यक्रम के दौरान स्वच्छता के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वाली उमा पटेल, सरिता मसीह, राजकुमारी पटेल, मीना वर्मा और मधु साहू को स्वच्छता किट प्रदान कर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में उपस्थित लोगों ने स्वच्छता की शपथ लेते हुए अपने आसपास के सार्वजनिक स्थलों को साफ रखने तथा अन्य लोगों को भी इसके लिए प्रेरित करने का संकल्प लिया।

              Share post:

              Popular

              More like this
              Related