सूरजपुर (AkhandBharatHNKP.Com)। प्रदेश में नए शैक्षणिक सत्र की शुरुआत के साथ ही सरकारी स्कूल की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े करने वाला मामला सामने आया है। सूरजपुर जिले के रामानुजनगर विकासखंड अंतर्गत ग्राम शाल्ही के खोरखोरीपारा प्राथमिक विद्यालय के प्रधान पाठक कथित रूप से शराब के नशे में स्कूल पहुंचे। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद शिक्षा विभाग में हड़कंप मच गया है।
जानकारी के अनुसार, खोरखोरीपारा प्राथमिक विद्यालय में पदस्थ प्रधान पाठक हरिनंदन सिंह स्कूल समय के दौरान कथित रूप से नशे की हालत में पहुंचे। वायरल वीडियो में वे विद्यालय के बाहर जमीन पर लेटे दिखाई दे रहे हैं। वीडियो में उनके द्वारा गाली-गलौज किए जाने का भी दावा किया जा रहा है। घटना का वीडियो सामने आने के बाद लोगों ने शिक्षा व्यवस्था पर सवाल उठाए हैं। स्थानीय स्तर पर मामले की चर्चा तेज है और वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से साझा किया जा रहा है।
कार्रवाई का इंतजार
मामले को लेकर अब शिक्षा विभाग की कार्रवाई पर सभी की नजर है। हालांकि, समाचार लिखे जाने तक विभाग की ओर से कोई आधिकारिक बयान या कार्रवाई की जानकारी सामने नहीं आई थी। यदि वीडियो की पुष्टि होती है तो संबंधित शिक्षक के खिलाफ विभागीय कार्रवाई की जा सकती है।

