जलस्तर नियंत्रित करने 72 घंटे से लगातार चल रहा हाइडल प्लांट, रोज बन रही 30 लाख यूनिट बिजली
कोरबा (AkhandBharatHNKP.Com)। लगातार बारिश के चलते मिनीमाता हसदेव बांगो बांध का जलस्तर तेजी से बढ़कर 357.90 मीटर पहुंच गया है। बांध में 89.55 प्रतिशत जलभराव हो चुका है। जलस्तर को देखते हुए प्रशासन ने संभावित रूप से गेट खोलने को लेकर अलर्ट जारी कर दिया है। प्रभावित क्षेत्रों में मुनादी कराकर लोगों को सतर्क किया गया है।
जलस्तर कम करने के लिए बांध का हाइडल पावर प्लांट लगातार चलाया जा रहा है। इससे रोजाना करीब 29 से 30 लाख यूनिट बिजली का उत्पादन हो रहा है। बांध की अधिकतम क्षमता 359.66 मीटर है। जलस्तर 358 मीटर के आसपास पहुंचने पर गेट खोलकर पानी छोडऩे की स्थिति बन सकती है। हसदेव कछार परियोजना के मुख्य अभियंता एस. मिंज और अधीक्षण अभियंता ई.एल. एक्का ने बांध का निरीक्षण कर हाइडल प्लांट को पूरी क्षमता से चलाने के निर्देश दिए। पिछले 24 घंटे में बांध में करीब 42.19 मिलियन घन मीटर पानी पहुंचा है।
संभावित बाढ़ प्रभावित गांवों में मुनादी
बाढ़ की आशंका को देखते हुए बांगो, पोड़ी-उपरोड़ा, कोनकोना, चिर्रा, लेपरा, दुनियाकछार, गाड़ाघाट, कछार, कलमीपारा, टुंगुमांड़ा, मछलीबाटा, धनगांव, डोंगाघाट, नर्मदा, सोनगुड़ा, जेलगांव और झाबू सहित कई गांवों में मुनादी कराई गई है। बता दें कि जिले में पिछले 24 घंटे में 16.9 मिमी बारिश दर्ज हुई है। अब तक औसत 635.8 मिमी बारिश हो चुकी है, जो सामान्य बारिश का 93.9 प्रतिशत है।
बांगो बांध का जलस्तर बढ़ा, गेट खोलने की तैयारी, हसदेव किनारे बसे गांवों में अलर्ट

