नवंबर-दिसंबर में चुनिंदा दिनों पर एसी विस्टाडोम कोच की भी सुविधा, वापसी ट्रेन में भी होगी अतिरिक्त व्यवस्था
जगदलपुर (AkhandBharatHNKP.Com)। विशाखापट्टनम-किरंदुल रेल मार्ग पर सफर करने वाले यात्रियों के लिए राहत भरी खबर है। ट्रेनों में बढ़ती भीड़ और प्रतीक्षा सूची के दबाव को देखते हुए रेलवे ने विशाखापट्टनम-किरंदुल पैसेंजर ट्रेनों में अतिरिक्त कोच लगाने का निर्णय लिया है। इससे यात्रियों को अधिक सीटें उपलब्ध होंगी और लंबी प्रतीक्षा सूची से भी राहत मिलने की उम्मीद है।
रेलवे के निर्णय के अनुसार, ट्रेन नंबर 58501 विशाखापट्टनम-किरंदुल पैसेंजर में 12 नवंबर से 31 दिसंबर 2026 तक एक अतिरिक्त द्वितीय श्रेणी बैठक कोच लगाया जाएगा। इसके साथ ही नवंबर और दिसंबर के निर्धारित दिनों में वातानुकूलित विस्टाडोम कोच की सुविधा भी उपलब्ध कराई जाएगी। विशाखापट्टनम से किरंदुल जाने वाली ट्रेन में नवंबर महीने की 12, 14, 16, 18, 20, 22, 24, 26, 28 और 30 तारीख को विस्टाडोम कोच लगाया जाएगा। वहीं दिसंबर में 2, 4, 6, 8, 10, 12, 14, 16, 18, 20, 22, 24, 26, 28 और 30 दिसंबर को यात्रियों को इस विशेष कोच की सुविधा मिलेगी।
वापसी ट्रेन में भी बढ़ेगी सीटों की संख्या
रेलवे ने वापसी दिशा में भी यात्रियों की सुविधा का ध्यान रखा है। ट्रेन नंबर 58502 किरंदुल-विशाखापट्टनम पैसेंजर में 13 नवंबर 2026 से 1 जनवरी 2027 तक एक अतिरिक्त द्वितीय श्रेणी बैठक कोच लगाया जाएगा। इस ट्रेन में नवंबर की 13, 15, 17, 19, 21, 23, 25, 27 और 29 तारीख को वातानुकूलित विस्टाडोम कोच उपलब्ध रहेगा। दिसंबर में 1, 3, 5, 7, 9, 11, 13, 15, 17, 19, 21, 23, 25, 27, 29 और 31 दिसंबर को भी यह सुविधा मिलेगी।
यात्रियों को मिलेगी अतिरिक्त सुविधा
रेलवे के इस फैसले से विशाखापट्टनम और किरंदुल के बीच नियमित यात्रा करने वाले लोगों को राहत मिलने की उम्मीद है। विशेष रूप से छुट्टियों और पर्यटन के दौरान बढ़ने वाली यात्रियों की संख्या को देखते हुए अतिरिक्त कोच उपयोगी साबित होंगे। विस्टाडोम कोच के माध्यम से यात्रियों को सफर के दौरान प्राकृतिक नजारों का आनंद लेने का अवसर भी मिलेगा।

