रायपुर (AkhandBharatHNKP.Com)। सावन सोमवार और नागपंचमी के पावन अवसर पर मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने अपनी धर्मपत्नी कौशल्या साय और परिवार के सदस्यों के साथ गृहग्राम बगिया स्थित श्री फलेश्वरनाथ महादेव मंदिर पहुंचकर भगवान शिव की विधि-विधान से पूजा-अर्चना की। मुख्यमंत्री ने भगवान भोलेनाथ का अभिषेक कर प्रदेशवासियों के सुख, शांति, समृद्धि और खुशहाली के साथ छत्तीसगढ़ की निरंतर प्रगति की मंगलकामना की।

मैनी नदी के सुरम्य तट पर स्थित श्री फलेश्वरनाथ महादेव मंदिर में 17 से 19 अगस्त तक तीन दिवसीय विशेष धार्मिक अनुष्ठान आयोजित किया जा रहा है। इस दौरान 1 लाख 11 हजार 111 पार्थिव शिवलिंग के निर्माण और पूजन का संकल्प लिया गया है। मुख्यमंत्री साय और कौशल्या साय ने श्रद्धालुओं के साथ अपने हाथों से पार्थिव शिवलिंग बनाए और विधि-विधान से उनका पूजन एवं अभिषेक किया। वैदिक मंत्रोच्चार और हर-हर महादेव के जयघोष से पूरा मंदिर परिसर भक्तिमय हो उठा। मुख्यमंत्री ने प्रदेशवासियों को नागपंचमी और सावन मास की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि सावन भगवान शिव की आराधना का विशेष अवसर है। उन्होंने कामना की कि महादेव की कृपा छत्तीसगढ़ के प्रत्येक परिवार पर बनी रहे, किसानों के खेत-खलिहान समृद्ध हों और प्रदेश में सुख, शांति एवं खुशहाली लगातार बढ़ती रहे। उन्होंने कहा कि हमारी संस्कृति में प्रकृति और परमात्मा के प्रति श्रद्धा का अद्भुत समन्वय है। नदियां, वन, पर्वत और जीव-जगत हमारी आस्था और जीवन परंपरा का अभिन्न हिस्सा हैं। सावन में शिव आराधना हमें प्रकृति के प्रति संवेदनशीलता, लोककल्याण और सेवा का संदेश देती है।
तीन दिन तक चलेगा विशेष धार्मिक अनुष्ठान
श्री फलेश्वरनाथ महादेव मंदिर में आयोजित धार्मिक अनुष्ठान को लेकर श्रद्धालुओं में खासा उत्साह है। बड़ी संख्या में लोग मंदिर पहुंचकर पार्थिव शिवलिंग का निर्माण कर भगवान शिव की आराधना कर रहे हैं। 17 अगस्त को पार्थिव शिवलिंग निर्माण, पूजन-अभिषेक, आरती और प्रसाद वितरण किया गया। 18 अगस्त को भी पूजन-अभिषेक के बाद आरती और प्रसाद वितरण होगा। वहीं 19 अगस्त को विशेष पूर्णाहुति के साथ तीन दिवसीय अनुष्ठान का समापन होगा।
आस्था और भक्ति का केंद्र बना बगिया
एक लाख 11 हजार 111 पार्थिव शिवलिंग के निर्माण और पूजन के इस विशेष आयोजन से बगिया और आसपास का क्षेत्र शिवभक्ति में सराबोर है। मैनी नदी के तट पर वैदिक मंत्रोच्चार, शिव आराधना और श्रद्धालुओं के जयघोष के बीच श्री फलेश्वरनाथ महादेव मंदिर आस्था और आध्यात्मिक चेतना का प्रमुख केंद्र बना हुआ है।
सेन समाज सनातन परंपराओं और सामाजिक समरसता का मजबूत आधार : मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय

