बर्थडे पार्टी बनी मौत की वजह : विवाद के बाद युवक को कैंपर से कुचला, मौके पर मौत

      Date:

      • मीरा रिसोर्ट में देर रात शराब पार्टी के दौरान हुआ विवाद, पुलिस सीसीटीवी फुटेज खंगालने में जुटी

      कोरबा (AkhandBharatHNKP.Com)। जिले के उरगा थाना क्षेत्र स्थित मीरा रिसोर्ट में आयोजित एक बर्थडे पार्टी खूनी वारदात में बदल गई। शुक्रवार देर रात पार्टी के दौरान हुए विवाद के बाद एक युवक को कैंपर वाहन से कुचल दिया गया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद आरोपी वाहन लेकर फरार हो गया। पुलिस ने मामला दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है।

          मीरा रिसोर्ट

          मृतक दीपका निवासी युवक उज्जवल सिंह।

          पुलिस के अनुसार, दीपका क्षेत्र के ट्रांसपोर्टर विकास कुमार हुडा के जन्मदिन के मौके पर करीब 20 से 25 युवक मीरा रिसोर्ट में पार्टी मनाने पहुंचे थे। देर रात तक चल रही पार्टी के दौरान शराब के नशे में किसी बात को लेकर युवकों के बीच कहासुनी हो गई, जो देखते ही देखते मारपीट में बदल गई। इसी दौरान आरोप है कि दीपका निवासी तुषार ढांढा ने कैंपर वाहन तेज गति से चलाते हुए उज्जवल सिंह को कुचल दिया। वाहन की चपेट में आने से उज्जवल गंभीर रूप से घायल हो गया और उसने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया। वारदात के बाद रिसोर्ट परिसर में अफरा-तफरी मच गई, जबकि आरोपी वाहन सहित मौके से फरार हो गया। मृतक उज्जवल सिंह दीपका के गरुणनगर का निवासी था। परिजनों के अनुसार वह परिवार का एकमात्र कमाने वाला सदस्य था। उसकी मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।

          बर्थडे पार्टी में शामिल युवकों से पूछताछ कर रही पुलिस

          घटना की सूचना मिलते ही उरगा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने आरोपी तुषार ढांढा के खिलाफ मामला दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है। घटना में प्रयुक्त कैंपर वाहन को जब्त कर लिया गया है। पुलिस रिसोर्ट में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। साथ ही बर्थडे पार्टी में शामिल युवकों से पूछताछ कर घटना के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। पुलिस का कहना है कि आरोपी को जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

              Share post:

              Popular

              More like this
              Related