कोरबा (AkhandBharatHNKP.Com)। नगर पालिक निगम कोरबा में नव-नामांकित 11 एल्डरमैन ने पद एवं गोपनीयता की शपथ ली। कलेक्टर कुणाल दुदावत ने सभी एल्डरमैन को शपथ दिलाई। गरिमामय वातावरण में आयोजित इस समारोह में प्रदेश के उद्योग, वाणिज्य, श्रम, आबकारी एवं सार्वजनिक उपक्रम मंत्री लखनलाल देवांगन मुख्य रूप से उपस्थित रहे।

शपथ ग्रहण समारोह को संबोधित करते हुए मंत्री लखनलाल देवांगन ने सभी नव-नामांकित एल्डरमैन को बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि सभी एल्डरमैन नगर निगम के विकास कार्यों में सक्रिय भागीदारी निभाते हुए जनहित को सर्वोच्च प्राथमिकता दें और नागरिकों की अपेक्षाओं पर खरा उतरते हुए शहर के समग्र विकास में महत्वपूर्ण योगदान दें। शपथ लेने वाले एल्डरमैन में ईश्वर साहू, दीपक यादव, रितेश कुमार साहू, शिव बालक सिंह तोमर, सतीश सिंह ठाकुर, रविशंकर शुक्ला, वैशाली रत्नपारखी, अमीलाल चौहान, मंदाकनी त्रिपाठी, मनोज अग्रवाल और नवदीप नंदा शामिल हैं। समारोह में महापौर संजू देवी राजपूत, सभापति नूतन सिंह राजपूत, जनप्रतिनिधियों, नगर निगम के अधिकारियों तथा बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिकों की उपस्थिति रही।
सड़क सुरक्षा कार्यों में लापरवाही बरतने पर संबंधित अधिकारियों की तय होगी जवाबदेही : कलेक्टर

