
तांत्रिक ही निकला मास्टर माइंड, 5 लाख नगदी, मोबाइल व दोपहिया सहित अन्य सामान बरामद
कोरबा (AkhandBharatHNKP.Com)। कोरबा में बिलासपुर के तांत्रिक समेत 6 लोगों ने मिलकर 3 लोगों को मार डाला। इनमें कबाड़ व्यवसाय से जुड़े कबाड़ी किंग अशरफ मेमन की भी हत्या हुई है। शातिरों ने अशरफ मेमन के फॉर्म हाउस में तंत्र-मंत्र की प्रक्रिया के दौरान वारदात को अंजाम दिया था। इस मामले में पुलिस ने तिहरे हत्याकांड का खुलासा कर दिया है। यह वारदात तंत्र मंत्र के जरिए रकम 50 गुना करने का झांसा देकर अंजाम दिया गया था। इस पूरे वारदात का मास्टर माइंड बैगा निकला।
उरगा थाना क्षेत्र के ग्राम कुदरी स्थित फार्म हाउस में यह घटना घटित हुई थी। कोतवाली अन्तर्गत पुरानी बस्ती निवासी कबाड़ कारोबारी अशरफ मेमन के अलावा डीडीएम रोड तुलसी नगर निवासी सुरेश साहू व बलौदा बाजार जिले के नितिश रात्रे को फार्म हाउस से निजी अस्पताल लाया गया था, जहां डॉक्टरों ने तीनों को मृत घोषित कर दिया था। मामले में पुलिस को शुरू से ही हत्या का संदेह था, जिसकी पुष्टि डॉक्टरों से मिली शॉर्ट पीएम रिपोर्ट से हो गई। चूंकि पुलिस ने पहले ही कमल विहार बिलासपुर निवासी बैगा आशीष दास 24 वर्ष के अलावा राजेन्द्र जोगी 75 वर्ष जरहाभाठा बिलासपुर, केशव सूर्यवंशी 55 वर्ष घुरू गोकुल धाम, अश्वनी कुर्रे 42 वर्ष अमेरी, संजय साहू उर्फ लव कुमार साहू 46 वर्ष मोदर बिलासपुर व भागवत प्रसाद 48 वर्ष मुड़ापार को हिरासत में ले लिया था। पूछताछ करने पर बैगा ने पूरी कहानी बयां कर दी। दरअसल बैगा ने 5 लाख का 50 गुना यानि 2 करोड़ 50 लाख करने का दावा किया था। वह अपने साथियों के साथ फार्म हाउस पहुंचा। जहां कमरे में तंत्र मंत्र की प्रक्रिया शुरू की। उसने अपने साथियों को पहले ही पूरी जानकारी दे दी थी। उसने अशरफ, सुरेश व नितिश को कमरे में बुलाया। उन्हें नारियल देने के बाद नायलोन की रस्सी बांधकर एक सिरे को बाहर छोड़ दिया। बैगा के आवाज लगाते ही बाहर खड़े साथियों ने रस्सी को खींचना शुरू कर दिया। वे तब तक रस्सी को खींचकर रखे रहे, जब तक कमरे में मौजूद लोगों की जान नहीं गई। मामले में पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर वारदात में प्रयुक्त नायलोन की रस्सी, तंत्र सामाग्री, मोबाइल, बाइक, स्कूटी, इनोवा कार व नगद 5 लाख सहित अन्य आपत्तिजनक सामान जप्त कर लिए हैं। मामले में आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर भेजा गया है।
पुलिस ने इन आरोपियों को किया अरेस्ट
कोरबा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक नीतिश ठाकुर ने बताया कि तांत्रिक आशीष दास, राजेन्द्र जोगी, केशव सूर्यवंशी, अश्वनी कुर्रे, संजय साहू उर्फ लव कुमार साहू और भागवत प्रसाद को गिरफ्तार किया गया गया है। पैसों के लालच में हत्या की गई है। सभी को कोर्ट में पेश किया गया, जहां से कोर्ट ने जेल भेज दिया है।
कोरबा : तंत्र- मंत्र के चक्कर में कबाड़ कारोबारी सहित 3 की गई जान

