व्यापारियों को दुकानों के बाहर सामान नहीं रखने की हिदायत, राहगीरों के आवागमन और वाहन पार्किंग में बाधा डालने पर होगी कार्रवाई
कोरबा (AkhandBharatHNKP.Com)। आयुक्त आशुतोष पाण्डेय के दिशा-निर्देशन में नगर पालिक निगम कोरबा के अधिकारी-कर्मचारियों द्वारा पुराने शहर के विभिन्न प्रमुख मार्गों से रैली निकाली गई। दीपावली एवं अन्य त्यौहारों के मद्देनजर स्वच्छता के प्रति जागरूकता फैलाने और बाजार व्यवस्था का निरीक्षण करने के उद्देश्य से आयोजित इस रैली का शुभारंभ निगम के मुख्य प्रशासनिक भवन साकेत से हुआ।
रैली में निगम के समस्त अधिकारी-कर्मचारी अपने चारपहिया वाहनों से आयुक्त श्री पाण्डेय के साथ रवाना हुए। यह रैली कोसाबाड़ी चौक से सुभाष चौक, घंटाघर चौक, सीएसईबी चौक, टीपी नगर चौक और पावर हाउस रोड होते हुए गौमाता चौक सीतामणी तक पहुंची। इसके बाद गौमाता चौक से वापस मुख्य मार्ग होते हुए मुरारका पेट्रोल पंप रेलवे ओवरब्रिज, अग्रसेन तिराहा और मल्टीलेवल पार्किंग का निरीक्षण किया गया। इसके पश्चात टीपी नगर चौक से स्टेडियम स्थित पटाखा दुकानों का जायजा लिया गया। इस दौरान आयुक्त ने विभिन्न पटाखा दुकानदारों को निर्देश दिए कि वे अपनी दुकानों के बाहर रेत तथा अग्निशमन एवं सुरक्षा से संबंधित आवश्यक संसाधनों की समुचित व्यवस्था अनिवार्य रूप से सुनिश्चित करें।
आयुक्त श्री पाण्डेय के निरीक्षण के पश्चात निगम के अधिकारी-कर्मचारी दर्री जोन कार्यालय पहुंचे। वहां से आसपास के प्रमुख मार्गों एवं व्यापारिक क्षेत्रों का भ्रमण किया गया। निरीक्षण और रैली के दौरान व्यापारियों को समझाइश दी गई कि वे अपनी दुकानों की सामग्री अनावश्यक रूप से बाहर न रखें। दुकानों के बाहर सामान रखने से आम नागरिकों के वाहनों की पार्किंग और राहगीरों के आवागमन में परेशानी उत्पन्न होती है। व्यापारियों से कहा गया कि वे अपनी सामग्री व्यवस्थित ढंग से रखें, ताकि बाजार क्षेत्र में आवागमन सुचारु बना रहे और आम लोगों को किसी प्रकार की असुविधा न हो। रैली दर्री जोन कार्यालय से ध्यानचंद चौक होते हुए वापस नगर पालिक निगम कोरबा के मुख्य प्रशासनिक भवन साकेत पहुंचकर समाप्त हुई। इस अवसर पर अपर आयुक्त पवन वर्मा, अधीक्षण अभियंता भूषण उरांव, जोन कमिश्नर अखिलेश शुक्ला एवं सुनील टांडे, लेखाधिकारी भवकांत नायक, सहायक अभियंता राहुल मिश्रा, अतिक्रमण दस्ता प्रभारी सोमनाथ डेहरे, सहायक राजस्व अधिकारी सुमित गुप्ता, अभय मिंज सहित अतिक्रमण दस्ता, राजस्व विभाग एवं अन्य शाखाओं के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।
सेवानिवृत्ति नौकरीपेशा व्यक्ति के जीवन का महत्वपूर्ण पड़ाव : आयुक्त आशुतोष पाण्डेय

