पाली थाना क्षेत्र के जमनीमुड़ा गांव की घटना, पति ने घर पहुंचकर देखा शव, डॉग स्क्वायड की मदद से पुलिस ने शुरू की जांच
कोरबा (AkhandBharatHNKP.Com)। जिले के पाली थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम जमनीमुड़ा में एक महिला की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है। महिला का शव उसके घर के अंदर मिलने से गांव में सनसनी फैल गई। मृतका के सिर पर गंभीर चोट के निशान पाए गए हैं। वहीं घटनास्थल से ईंट के टुकड़े मिलने के बाद मामला संदिग्ध हो गया है। प्रारंभिक तौर पर महिला की हत्या की आशंका जताई जा रही है।
मृतका की पहचान अगहन कुंवर चौहान के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार, सुबह महिला का पति सहदेव राम चौहान घर पहुंचा तो पत्नी को मृत अवस्था में देखकर घबरा गया। इसके बाद उसने आसपास के लोगों को घटना की जानकारी दी। महिला के सिर पर चोट के निशान और मौके पर ईंट के टुकड़े मिलने से किसी भारी वस्तु से हमला किए जाने की आशंका जताई जा रही है। घटना की सूचना मिलते ही पाली थाना प्रभारी मनीष कौशिक पुलिस टीम के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस ने घर और आसपास के क्षेत्र का निरीक्षण कर आवश्यक साक्ष्य जुटाए। मामले की गंभीरता को देखते हुए डॉग स्क्वायड को भी बुलाया गया, जिसके माध्यम से घटनास्थल की जांच कराई गई। पुलिस ने पंचनामा कार्रवाई पूरी करने के बाद महिला के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। साथ ही घटनास्थल से मिले साक्ष्यों को भी जांच में शामिल किया गया है।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद स्पष्ट होगी मौत की वजह
फिलहाल महिला की मौत हत्या है या इसके पीछे कोई अन्य वजह है, इसका खुलासा नहीं हो सका है। पुलिस सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों की पुष्टि हो सकेगी। पुलिस घटनास्थल से मिले साक्ष्यों और आसपास के लोगों से पूछताछ के आधार पर मामले की तह तक पहुंचने का प्रयास कर रही है।

