सफाई कार्य में लापरवाही पर दो ठेकेदारों पर नगर निगम ने लगाया 20 हजार रुपये का जुर्माना

      Date:

      • बरूण गोस्वामी कंस्ट्रक्शन पर 15 हजार और राजेश्वरी कंस्ट्रक्शन पर 5 हजार रुपये का अर्थदण्ड, आयुक्त ने दी सख्त कार्रवाई की चेतावनी

      कोरबा (AkhandBharatHNKP.Com)। नगर पालिक निगम कोरबा ने शहर के विभिन्न वार्डों में सफाई व्यवस्था में लापरवाही बरतने पर दो सफाई ठेकेदारों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए कुल 20 हजार रुपये का अर्थदण्ड लगाया है। आयुक्त आशुतोष पाण्डेय के निर्देश पर निगम अमले ने यह कार्रवाई की। इसमें बरूण गोस्वामी कंस्ट्रक्शन पर 15 हजार रुपये तथा राजेश्वरी कंस्ट्रक्शन पर 5 हजार रुपये का जुर्माना लगाया गया है। साथ ही संबंधित एजेंसियों को भविष्य में सफाई कार्य में किसी भी तरह की लापरवाही नहीं बरतने की हिदायत दी गई है।

          आयुक्त आशुतोष पाण्डेय के मार्गदर्शन में शहर की सफाई व्यवस्था दुरुस्त करने, अतिक्रमण और अवैध कब्जों पर रोक लगाने के लिए निगम की टीमें लगातार कार्रवाई कर रही हैं। आयुक्त स्वयं सुबह शहर का भ्रमण कर व्यवस्थाओं का जायजा ले रहे हैं। वहीं निगम के सातों जोन के जोन कमिश्नर सुबह 7 बजे से अपने-अपने क्षेत्रों में पहुंचकर वार्डों और बस्तियों की स्थिति का निरीक्षण कर रहे हैं। इस दौरान सफाई व्यवस्था के साथ-साथ पेयजल, बिजली, सड़क, प्रकाश व्यवस्था, संपत्तिकर, जलकर और अतिक्रमण से जुड़े कार्यों की भी समीक्षा की जा रही है। जहां भी कमियां मिल रही हैं, वहां संबंधित अधिकारियों और प्रभारियों को व्यवस्था में सुधार के निर्देश दिए जा रहे हैं।

          इसी निरीक्षण के दौरान सफाई कार्य में गंभीर लापरवाही सामने आने पर दो ठेका एजेंसियों के विरुद्ध कार्रवाई की गई। कोरबा जोन के वार्ड क्रमांक 2 सर्वमंगला नगर रोड पर नियमित साफ-सफाई नहीं होने के साथ एकत्रित कचरे का उठाव और परिवहन भी नहीं कराया गया था। इसी तरह वार्ड क्रमांक 11 के मेन रोड पावर हाउस रोड क्षेत्र में सफाई कार्य संतोषजनक नहीं पाया गया। वहीं कोसाबाड़ी जोन में कोरबा पूर्वांचल समिति के सामने सफाई के बाद निकले कचरे का उठाव और परिवहन नहीं होने से स्वच्छता व्यवस्था प्रभावित हो रही थी। इन अनियमितताओं को नियमों का उल्लंघन मानते हुए बरूण गोस्वामी कंस्ट्रक्शन पर 15 हजार रुपये और राजेश्वरी कंस्ट्रक्शन पर 5 हजार रुपये का अर्थदण्ड लगाया गया।

          आयुक्त पाण्डेय ने सफाई कार्य से जुड़ी सभी एजेंसियों को स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि निर्धारित समय और तय मानकों के अनुसार नियमित रूप से सफाई कराई जाए। प्रत्येक वार्ड में जितने सफाई कर्मचारियों की तैनाती की गई है, उनकी कार्यस्थल पर उपस्थिति सुनिश्चित होनी चाहिए। सफाई के बाद कचरा तत्काल उठाकर उसका उचित परिवहन कराया जाए। उन्होंने चेतावनी दी है कि निरीक्षण के दौरान यदि कहीं भी गंदगी, कचरे का जमाव या सफाई कार्य में लापरवाही मिली तो संबंधित एजेंसी पर अर्थदण्ड लगाने के साथ अनुबंध की शर्तों के तहत वैधानिक कार्रवाई भी की जाएगी। निगम प्रशासन ने साफ किया है कि शहर की स्वच्छता व्यवस्था में किसी भी प्रकार की कोताही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

          कोरबा निगम के 47.39 करोड़ रुपये से अधिक के विकास कार्यों को एमआईसी की मंजूरी

              Share post:

              Popular

              More like this
              Related