जगदलपुर (AkhandBharatHNKP.Com)। बस्तर के विधायक लखेश्वर बघेल की पत्नी पर धारदार हथियाा से जानलेवा हमला किया गया है। हमले में दोनों हाथ की नसें कट गई हैं साथ ही गले पर भी गहरे चोट के निशान पाए गए हैं। इस घटना से इलाके में हड़कंप मचा हुआ है।
मिली जानकारी के अनुसार विधायक की पत्नी को महारानी अस्पताल लाया गया। उनकी हालत को देखते हुए डॉक्टरों ने तत्काल उन्हें आईसीयू में भर्ती किया। अस्पताल सूत्रों के मुताबिक घायल की स्थिति गंभीर बनी हुई है और विशेषज्ञ डॉक्टरों की टीम लगातार निगरानी कर रही है। अस्पताल पहुंचने पर जब नर्सों ने उनसे बातचीत करने की कोशिश की, तो वह बोलने की स्थिति में नहीं थीं। इसके बाद नर्सिंग स्टाफ ने उनसे कागज पर लिखकर बताने को कहा कि आखिर उनके साथ क्या हुआ। इस दौरान उन्होंने सिर्फ एक शब्द लिखा भतीजा। इस एक शब्द ने पूरे मामले को और भी रहस्यमय बना दिया है। फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि यह हमला आत्मघाती प्रयास है या फिर किसी ने जानबूझकर उन पर हमला किया है। पुलिस इस पहलू की भी जांच कर रही है कि कहीं यह पारिवारिक विवाद, आपसी रंजिश या किसी गहरी साजिश का हिस्सा तो नहीं है।

